Himachal Weather: धर्मशाला-ऊना में झमाझम बारिश, ज्यूरी में अंधड़ से घर की उड़ी, जानें कब तक बरसेंगे बादल
प्रदेश में बुधवार को माैसम के कई रंग देखने को मिले। कहीं झमाझम बारिश हुई और अंधड़ चला, कहीं पर धूप खिली रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को माैसम के कई रंग देखने को मिले। कहीं झमाझम बारिश हुई और अंधड़ चला, जबकि कहीं पर धूप खिली रही। शिमला जिले के रामपुर ब्लॉक के ज्यूरी में अंधड़ से एक घर की टीनपोश छत उड़ गई। पीड़ित परिवार को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। दोपहर बाद ज्यूरी और आसपास के क्षेत्र में अचानक तेज हवाएं चलीं। इस कारण एक घर की छत और कई पेड़ों की टहनियां टूट गईं। ज्यूरी की नूर बीबी पत्नी शौकत अली के घर की छत तेज हवा में उड़ गई। प्राकृतिक आपदा के नुकसान की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने ज्यूरी के पटवारी को तुरंत मौके पर भेजा गया। पटवारी ज्यूरी सर्किल बुध राम ने बताया नूर बीबी पत्नी शौकत अली ज्यूरी के घर की छत हवा से क्षतिग्रस्त हुई है, जिससे परिवार का करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है। रोहतांग में दोबारा बर्फबारी हुई और कुल्लू में बादल झमाझम बरसे। घाटी के मौसम में अभी भी ठंडक बरकरार है।
धौलाधार पर हल्का हिमपात, धर्मशाला में झमाझम बारिश
वहीं जिला कांगड़ा के ऊपरी क्षेत्रों सहित धर्मशाला में बुधवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। जहां एक ओर पर्यटन नगरी धर्मशाला और मैक्लोडगंज में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई, वहीं धौलाधार की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया है। इससे तापमान में भी गिरावट आई है। कुछ ही देर में हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और बाजारों में मौजूद लोगों को दुकानों व शेड का सहारा लेना पड़ा। बारिश के चलते दृश्यता कम होने से शहर में वाहनों की रफ्तार भी काफी धीमी पड़ गई। दूसरी ओर जिले के निचले और मैदानी क्षेत्रों में शाम के समय घने बादल छाए रहे। वहीं धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में अचानक माैसम खराब होने से अभ्यास सत्र प्रभावित हो गया। पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी मैदान में अभ्यास कर रहे थे, लेकिन कुछ देर बाद तेज बारिश शुरू होने के चलते अभ्यास बीच में ही रोकना पड़ा। वहीं ऊना में भी कुछ देर के लिए भारी बारिश हुई। जबकि शिमला में दिनभर धूप खिली रही। देर शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई।
18 मई से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को हल्की बारिश होने के आसार हैं। अधिकांश जिलों में धूप खिलेगी। शुक्रवार से फिर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। 15 से 17 मई तक कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। गुरुवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में बारिश-अंधड़ का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शेष जिलों के लिए कोई चेतावनी नहीं है। 18 मई से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान धूप खिलने से पारे में बढ़ोतरी दर्ज होगी।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
मैदानी सहित कई जिलों में बुधवार को धूप खिली रही। इससे तापमान में बीते दिनों के मुकाबले बढ़ोतरी दर्ज हुई। मंगलवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 2.6, ताबो में 3.1, कुकुमसेरी में 5.7, कल्पा में 6.4, मनाली में 9.8, धर्मशाला में 13.8, सोलन में 15.2, शिमला में 15.6, मंडी में 1.3, नाहन में 17.7, कांगड़ा में 19.6, ऊना में 20.2 और बिलासपुर में 21.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
अधिकतम तापमान
ऊना 35.0
सुंदरनगर 34.3
कांगड़ा 34.0
बरठीं 33.8
मंडी 33.6
धर्मशाला 32.0
भुंतर 32.0
सोलन 31.0
नाहन 30.8
शिमला 25.5
मनाली 24.4