हिमाचल चयन आयोग: टीजीटी आर्ट्स भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित, 414 उम्मीदवारों का हुआ चयन
टीजीटी आर्ट्स के 425 पद (ट्रेनी) भरने के लिए पोस्ट कोड-25001 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग में टीजीटी आर्ट्स के 425 पद (ट्रेनी) भरने के लिए पोस्ट कोड-25001 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 44,155 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 38,220 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी और इस परीक्षा में 664 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था। 16 से 22 अप्रैल तक और एक जून को दस्तावेजों की जांच के बाद 414 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण ओबीसी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) के 2 और एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) के 7 पद खाली रह गए हैं। न्यायालय में मामला लंबित होने के कारण सामान्य श्रेणी के भी 2 पद खाली रखे गए हैं। सचिव ने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
119 केंद्रों पर आर्ट्स-मेडिकल व 103 केंद्रों पर होगा जेबीटी-संस्कृत का टेट
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 13 और 14 मई को टीजीटी आर्ट्स, टीजीटी मेडिकल, टीजीटी जेबीटी और टीजीटी संस्कृत विषय की अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) का आयोजन करेगा। दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए बोर्ड प्रबंधन ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि 13 जून को सुबह के 10 से दोपहर 12:30 बजे तक 68 परीक्षा केंद्रों पर टीजीटी आर्ट्स विषय का टेट होगा। इस दौरान आर्ट्स विषय में 10,515 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं, जबकि दूसरे 2 से 4:30 बजे तक आयोजित होने वाले टीजीटी मेडिकल विषय के टेट के लिए 51 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर 3,318 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 14 जून को सुबह के सत्र में 64 केंद्रों 8,923 अभ्यर्थी जेबीटी विषय, जबकि दूसरे सत्र में 39 परीक्षा केंद्रों पर 1,394 अभ्यर्थी टीजीटी संस्कृत विषय की परीक्षा के लिए शार्टलिस्ट किए गए हैं। बोर्ड प्रबंधन ने एडमिट कार्ड वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड अपना आवेदन नंबर और जन्म तिथि डाल कर प्राप्त कर सकते हैं।
जेबीटी पोस्ट कोड 26015 के एडमिट कार्ड करें डाउनलोड
प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) पोस्ट कोड 26015 की परीक्षा से जुड़ी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है और उसका लिंक भी उपलब्ध करवा दिया है। अभ्यर्थी ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यार्थियों के लिए विस्तृत निर्देश भी साइट पर दिए गए हैं। आयोग सचिव डाॅ. विक्रम महाजन ने जेबीटी की परीक्षा 13, 14, 16 और 17 जून को आयोजित की जा रही है। ऐसे में अभ्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना सुनिश्चित करें। यह भी सूचित किया जाता है कि परीक्षा केंद्रों के एंट्री गेट परीक्षा शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले बंद कर दिए जाएंगे। एंट्री गेट बंद होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा स्थल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थी किसी भी सवाल के मामले में सुबह 10 से शाम 6 बजे के बीच टेक्निकल हेल्पडेस्क नंबर 99866-38751 पर संपर्क कर सकते हैं।