HP Politics: जयराम ठाकुर बोले- मंत्रियों की न मुख्यमंत्री सुनते हैं और न ही अधिकारी
चारों तरफ अराजकता का माहौल है। मुख्यमंत्री न अपने मंत्रियों और विधायकों की सुन रहे हैं और न ही अधिकारी अपने मंत्रियों की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने व्यवस्था के पतन और लोगों को दुखी करने की सीमा पार कर दी है। चारों तरफ अराजकता का माहौल है। मुख्यमंत्री न अपने मंत्रियों और विधायकों की सुन रहे हैं और न ही अधिकारी अपने मंत्रियों की। इस कारण मंत्रियों को विवश होकर सार्वजनिक तौर पर अपना दुख जाहिर करना पड़ रहा है। सोमवार को जारी बयान में नेता विपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली की वजह से पूरा प्रदेश एक अजीब स्थिति से गुजर रहा है। मंत्री जब किसी क्षेत्र का दौरा करने जाते हैं तो अधिकारियों को उस दौरा क्षेत्र से दूर रहने के निर्देश दे दिए जाते हैं।
जब कोई मंत्री धूमधाम से किसी परियोजना का उद्घाटन करने जाता है तो उसे मंच पर ही उद्घाटन करने से रोक दिया जाता है, जिसके कारण उन नेताओं को सार्वजनिक रूप से अपमान का घूंट पीना पड़ता है। मुख्यमंत्री की इसी कार्यशैली की वजह से कई दिग्गज कांग्रेसी नेताओं ने सक्रिय राजनीति से मुंह मोड़ लिया है। आने वाले समय में यह सिलसिला और तेजी से आगे बढ़ेगा। कई बड़े-बड़े कांग्रेसी नेता इसी तरह अपमानित होकर सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके करीबी अधिकारियों की मनमानी का शिकार प्रदेश के ज्यादातर मंत्री और सत्ता पक्ष के विधायक हैं। सत्ता पक्ष के विधायक भी छोटे-छोटे कामों के लिए अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटते हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं होती। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांगड़ा जिला परिषद में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचित होने को कांग्रेस सरकार की करारी राजनीतिक हार करार दिया।
आर्थिक बदहाली के लिए पूर्व भाजपा सरकार जिम्मेदार : विनय
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रही है। विनय कुमार ने गांधी परिवार के नाम पर संस्थाओं के नामकरण को सही ठहराया। सोमवार को विनय कुमार ने जयराम ठाकुर को वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ भाषा संयमित रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। प्रदेश के लोग भाजपा के झूठे प्रलोभनों में नहीं आएंगे। विनय कुमार ने विधानसभा उपचुनावों में भाजपा की हार का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भी भाजपा की करारी हार होगी। केंद्र की मोदी सरकार की ओर से प्रदेश को विशेष आर्थिक मदद देने के भाजपा के दावे को भी उन्होंने खारिज किया। उन्होंने कहा कि पिछले साल आपदा राहत के 1500 करोड़ रुपये भी अभी तक नहीं मिले हैं।
इसके बावजूद, कांग्रेस सरकार कर्मचारियों की पूर्व भाजपा सरकार से मिली देनदारियों का भुगतान कर रही है और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) दे रही है। विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश में नगर निकायों व ग्राम पंचायतों के चुनावों में अधिकतर कांग्रेस से जुड़े लोग जीते हैं। ऐसे में भाजपा का यह दावा सरासर झूठ है। यह गुमराह करने वाला है कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव परिणाम कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश हैं। उन्होंने भाजपा के इस दावे को पूरी तरह खारिज किया। विनय कुमार ने प्रदेश की आर्थिक बदहाली के लिए पूर्व भाजपा सरकार को पूरी तरह दोषी बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है। कर्मचारियों की 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियां भी हैं। भाजपा को इसके लिए प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। केंद्र सरकार द्वारा आरडीजी बंद करने को कुमार ने "बड़ा पाप" बताया और कहा कि लोग भाजपा को माफ नहीं करेंगे।