Kangra: सीएम सुक्खू ने धर्मशाला में पशु स्वास्थ्य उप निदेशक कार्यालय का किया उद्घाटन, तंगरोटी भी गए
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को धर्मशाला में उप निदेशक कार्यालय (पशु स्वास्थ्य /प्रजनन) का उद्घाटन किया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को धर्मशाला में उप निदेशक कार्यालय (पशु स्वास्थ्य /प्रजनन) का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय किसानों और पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। यहां पशुधन के स्वास्थ्य एवं प्रजनन संबंधी सेवाएं समय पर उपलब्ध होंगी, जिससे पशुधन की उत्पादकता बढ़ेगी, किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
सीएम ने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2017 में भाजपा सरकार ने बिना बजट कई शिलान्यास कर दिए। इस भवन को साढ़े तीन करोड़ रुपये से बनाया है। भाजपा की ओर से बिना बजट शुरू किए गए कार्यों को भी हमारी सरकार पूरा करवा रही है। भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है। इस दाैरान कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार भी माैजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री सुक्खू का कांगड़ा जिले की ग्राम पंचायत तंगरोटी पहुंचे। यहां उनका स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया।
साई ग्राउंड में मुख्यमंत्री सुक्खू ने बच्चों के साथ खेला बैडमिंटन
इससे पहले सुबह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार सुबह सैर करते हुए साई ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने अभ्यास कर रहे बच्चों के साथ बातचीत की, उनसे खेलों व भविष्य की योजनाओं के बारे में जाना। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ बैडमिंटन खेला। ताइक्वांडो व अन्य खेलों के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के साथ फोटो भी खिंचवाईं।