बंजार (कुल्लू)। एलपीजी गैस सिलिंडर की कमी से उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। सिलिंडर के वाहन के इंतजार में पूरा दिन बीत रहा है। ऐसा ही हाल रविवार को बंजार में देखने को मिला। बंजार के पुराना बस अड्डा में उपभोक्ताओं की सुबह 10 बजे से ही सिलिंडर के वाहन के इंतजार में लाइनें लग गईं।
चार घंटे के इंतजार के बाद सिलिंडर वाहन अपराह्न 1 बजे पुराना बस अड्डा पहुंचा। अधिकतर उपभोक्ताओं को सिलिंडर लंबे इंतजार के बाद भी नहीं मिल पाए। इसका मुख्य कारण ई-केवाईसी का न होना रहा। इसके कारण लोगों को खाली हाथ निराश होकर लौटना पड़ा। कंपनी की ओर से अपराह्न 4 बजे तक सिलिंडर का वितरण किया गया। सिलिंडर उन्हें ही मिल पाए, जिनकी ई-केवाईसी पहले से हो चुकी थी।
उपभोक्ता भीमा देवी, प्रिया नेगी, डोलमा देवी, मेनका, पूनम आदि ने बताया कि बच्चों को पढ़ाने के लिए बंजार आए हैं, लेकिन गैस सिलिंडर की कमी से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घर में लकड़ी से खाना बना लेते हैं, लेकिन शहर में लकड़ी से खाना बनाने की सुविधा भी नहीं है। बिना सिलिंडर खाना बनाना मुमकिन नहीं है। मजबूरन बाजार से घर लौटना पड़ेगा और ऐसे में बच्चों की पढ़ाई भी छूट जाएगी। भारत गैस एजेंसी की संचालक शारदा कटोच ने कहा कि एलपीजी गैस सिलिंडर की सप्लाई कम आ रही है। बावजूद सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध करवाने की कोशिश की जा रही है।