धर्मपुर (मंडी)। भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ धर्मपुर एवं मंडल टिहरा की संयुक्त बैठक भाजपा कार्यालय धर्मपुर में जिला संयोजक चमन लाल शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को हुई। इसमें धर्मपुर के भाजपा नेता रजत ठाकुर, प्रभारी एवं प्रदेश सह संयोजक तेजराम वर्मा, मंडल अध्यक्ष लेखराज ठाकुर सहित दोनों मंडलों के पूर्व कर्मचारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
भाजपा नेता रजत ठाकुर ने कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार झूठे वादों के सहारे जनता को गुमराह कर रही है। प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। जो कार्य हो रहे हैं, वे केंद्र सरकार की परियोजनाओं के माध्यम से संचालित हैं। राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को भी बंद करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी को अपने इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेंशनरों के मेडिकल बिलों का भुगतान लंबित है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार से बेहद दुखी है। इस अवसर पर जिला संयोजक ने सरकार को घेरते हुए कहा कि कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और एरियर को फ्रीज कर दिया गया है। बैठक में दोनों मंडलों के प्रभारी नंदलाल शर्मा, महाजन पठानिया, प्रवीण उपाध्याय, प्रेम पाल शर्मा, नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।