अवस्थी ग्राम पंचायत लग, मलौण व भियुंखरी में विकास कार्यों के किए लोकार्पण व शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सड़क निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों का सुदृढ़ीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। वे सोमवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र की दुर्गम ग्राम पंचायत लग के सुन गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत लग में 4 किलोमीटर लंबे लगदाघाट से सून संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया। इस सड़क निर्माण के लिए 8.3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत मलौण के बनाली ब्राह्मणा में शहीद राम रत्तन बनाली ब्राह्मणा नाम से 1 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का भी भूमि पूजन किया, जिसके लिए 10 लाख रुपये जारी किए गए हैं। विधायक ने ग्राम पंचायत भियुंखरी के राजकीय उच्च विद्यालय में परीक्षा हॉल और अतिरिक्त कमरों की आधारशिला भी रखी। इसके लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी ग्राम पंचायत में 20 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला चिनयारी के भवन का लोकार्पण भी किया गया। इसके अलावा जयनगर से जघून तक लगभग 6 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया गया, जिसके प्रारंभिक कार्य के लिए 19 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है। विधायक अवस्थी ने कहा कि निर्विरोध पंचायत बनने पर प्रदेश सरकार 25 लाख रुपये और अर्की विधानसभा क्षेत्र की निर्विरोध पंचायत को 5 लाख रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की जाएगी। उन्होंने सुण गांव में मोक्षधाम के लिए 2 लाख रुपये, 15 सोलर लाइट, खेल मैदान के लिए 1 लाख रुपये तथा पेयजल टैंक के निर्माण के लिए प्राक्कलन के अनुसार धनराशि देने का आश्वासन दिया। साथ ही स्कूल में मंच की छत के लिए 1 लाख रुपये और चारदीवारी निर्माण के लिए भी धन उपलब्ध करवाने की बात कही। इस अवसर पर विधायक ने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जन समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कांग्रेस खंड समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्की ठाकुर सहित कई पार्टी पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे
कमेंट
कमेंट X