कुनिहार में जागरूकता कार्यशाला का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उद्योग विभाग की ओर से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम प्रदर्शन संवर्धन एवं तीव्रता कार्यक्रम (रैंप) के तहत कुनिहार में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक विनय वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्वयं सहायता समूहों और पंचायत प्रतिनिधियों को डिजिटल साधनों से जोड़ना है। विनय वर्मा ने कहा कि रैंप कार्यक्रम के तहत आयोजित ऐसे प्रशिक्षण ग्रामीण उद्यमियों को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन व्यापार और सरकारी ई-बाजार के माध्यम से सोलन जिले के स्थानीय उत्पाद अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं और ऑनलाइन व्यापार मंचों के जरिए बाजार विस्तार की जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया प्रचार, व्हाट्सएप बिजनेस सेवा, सुरक्षित डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन ब्रांडिंग जैसे विषयों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस प्रशिक्षण शिविर में स्थानीय छोटे उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों और विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों सहित 125 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।