ऊना। जिला बिलासपुर में हाल ही में हुई राज्य एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिला ऊना के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। ऊना के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में लगभग 36 पदक जीतकर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया। खेल विभाग ऊना के एथलेटिक कोच राकेश चौधरी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों की संख्या सबसे अधिक है। उनके प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने अकेले 32 पदक अपने नाम किए, जिनमें स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों ने दौड़, लंबी कूद, ट्रिपल जंप, शाटपुट, डिस्कस थ्रो, हाई जंप और ट्रायथलान जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निकिता शर्मा ने 1500 और 800 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। रवीना कुमारी ने 10 हजार मीटर में स्वर्ण व पांच हजार मीटर में कांस्य पदक हासिल किया। सविता वालिया, सारांश शर्मा ट्रिपल जंप व लंबी कूद स्वर्ण व रजत, अंश शर्मा ट्रिपल जंप स्वर्ण व लंबी कूद में रजत, अरिहंत लंबी कूद कांस्य, पुनीत सैनी व पलक ने लंबी कूद में एक-एक रजत, तनिशा ने लंबी कूद में कांस्य, 800 मीटर में निधि ठाकुर ने कांस्य, नव्या शर्मा ने 400 मीटर में स्वर्ण, अमृत सिंह ने लंबी कूद में रजत, आदित्य ठाकुर व वाणी ने शाटपुट में एक-एक स्वर्ण, उज्जवल ने शाटपुट में रजत, चांदला ने स्वर्ण पदक जीता। सूरज ने डिस्कस थ्रो एवं शाटपुट में दो रजत, हर्ष ने ऊंची कूद में स्वर्ण पदक झटक कर ऊना का गौरव बढ़ाया है। कृष्णा ने 400 मीटर दौड़ में रजत व सर्वजोत ने 200 मीटर में स्वर्ण पदक झटका है। कोच राकेश चौधरी ने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत को दिया है।