आज के दिन: महिला आरक्षण के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र, आईपीएल में गुजरात-बंगलूरू के बीच मैच
नमस्कार! आज है गुरुवार, 30 अप्रैल। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 30 अप्रैल 2026 को वैशाख मास की शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिन के लद्दाख दौरा पर रहेंगे। वहीं, आईपीएल में गुजरात और बंगलूरू के बीच मुकाबला है।
राष्ट्रपति का शिमला दौरा
शुरुआत राष्ट्रपति से। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिमला के दौरे पर हैं। इस दौरान राष्ट्रपति गुरुवार को चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर जाएंगी और वहां आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को दो दिन के लद्दाख दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे लेह में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन करेंगे और बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की इटली के मंत्री साथ बैठक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को नई दिल्ली में इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक के दौरान, दोनों मंत्री दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे। बदलते सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी उनके विचार साझा किए जाने की उम्मीद है।
यूपी विधानसभा में विशेष सत्र
यूपी विधानसभा में गुरुवार को विशेष सत्र है। इस दौरान सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने के साथ-साथ विपक्ष पर हमलावर होगी। चर्चा है कि सत्र के दौरान विपक्ष के रवैये को लेकर निंदा प्रस्ताव भी पेश किया जा सकता है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
पंचायत चुनावों से जुड़े मामले पर सुनवाई
इलाहाबाद उच्च न्यायालय में पंचायत चुनावों के मामले से जुड़ी दो याचिकाओं पर सुनवाई होगी। यह सुनवाई विस्तृत कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए राज्य चुनाव आयोग को निर्देश देने की मांग वाली याचिका पर हो रही है।
कंगना रणौत से जुड़े मामले पर सुनवाई
कंगना रणौत के किसानों पर कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में गुरुवार को सुनवाई होगी। दरअसल, राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने 11 सितंबर, 2024 को भाजपा सांसद के खिलाफ वाद दायर किया था। उन पर किसानों और महात्मा गांधी पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
नीला ड्रम मामले में सुनवाई
नीला ड्रम मामले में गुरुवार को सुनवाई होगी। मेरठ के सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में आरोपी साहिल पिछली सुनावाई में अपना पक्ष नहीं रख सका था। जिला जज के यहां साहिल को अपने बचाव में साक्ष्य रखने थे, लेकिन वह कोई भी सबूत अपने बचाव में पेश नहीं कर सका था। अब इस मामले में आगे की सुनवाई होगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
आईपीएल में गुजरात-बंगलूरू के बीच मुकाबला
आईपीएल में गुरुवार को गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के बीच मुकाबला होगा। यह मैच शाम 7:30 से अहमदाबाद में शुरू होगा।
