Pakistan: 'धुरंधर' के हाथों दहशतगर्दों का खात्मा, अजहर की मौत के बाद ISI ने बढ़ाई आतंकियों की सुरक्षा
पाकिस्तान में पिछले कुछ समय से आतंकियों की संदिग्ध मौतों का सिलसिला फिर तेज हुआ है। हाल ही में जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मौलाना सलमान अजहर की बहावलपुर में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हुई। पाकिस्तान इसे टारगेट किलिंग बता रहा है और इशारों में भारतीय एजेंसियों पर शक जता रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं है।
विस्तार
पाकिस्तान में आतंकियों के मारे जाने का सिलसिला एक बार फिर से शुरु हो गया है। इससे पहले 2023 में करीब दो दर्जन आतंकवादी मारे गए थे। इन आतंकियों को मारने वाला 'धुरंधर' (अज्ञात) कौन है, यह तो ठीक से पता नहीं लग सका है, लेकिन पाकिस्तान इसे टारगेट किलिंग बता रहा है। अप्रत्यक्ष तौर पर उसका इशारा भारतीय एजेंसियों की तरफ होता है। ताजा मामला पाकिस्तान के आतंकी संगठन 'जैश-ए-मोहम्मद' के टॉप आतंकी कमांडर 'मौलाना सलमान अजहर' का मारा जाना है। बहावलपुर में उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। पिछले दिनों कई आतंकी मारे गए हैं, ऐसे में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी 'आईएसआई' ने अजहर की मौत के बाद हाई ग्रेड आतंकियों की सुरक्षा बढ़ा दी है। कई आतंकियों को भूमिगत ठिकाने पर शिफ्ट किया गया है तो कुछ दहशतगदों को बुलेटप्रूफ गाड़ियां मुहैया कराई गई हैं।
दहशतगर्दों में भय का माहौल
केंद्रीय एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान में पिछले दिनों कई आतंकी मारे गए हैं। इससे वहां मौजूद दहशतगर्दों में भय का माहौल बन गया है। जो आतंकी कथित तौर पर जेल में बंद हैं, उन्हें भी पाकिस्तानी आईएसआई द्वारा विशेष सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। आमतौर पर सार्वजनिक स्थलों पर देखे जाने वाले आतंकी, अब भूमिगत होने लगे हैं। टारगेट पर आने वाले अधिकांश आतंकी, भारत की मोस्ट वांटेड दहशतगर्दों की सूची में शामिल रहे हैं। 'लश्कर-ए-तैयबा' चीफ, हाफिज साईद, कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी, हिजबुल मुजाहिदीन का प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन और जैश-ए-मुहम्मद के संचालक मसूद अजहर को सुरक्षा प्रदान की गई है। इनके अलावा 'डी कंपनी', लश्कर-ए-जब्बर और लश्कर-आई-जांगवी सहित कई दूसरे आतंकी संगठनों के वरिष्ठ सदस्यों को भी बुलेटप्रूफ वाहन दिए गए हैं।
पाकिस्तान को कई बार दिए हैं सबूत
मुंबई हमले के मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी को पांच साल पहले पाकिस्तान की एक अदालत ने आतंकवादी वित्तपोषण केस में 15 साल की सजा सुनाई थी। हालांकि तब दुनिया के अधिकांश देशों को इस बात पर यकीन नहीं हुआ था। भारत के विदेश मंत्रालय ने उस वक्त पाकिस्तान के इस बयान को हास्यास्पद करार दिया था। फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) के भय से पाकिस्तान इस तरह का प्रोपेगेंडा करता रहता है। वैश्विक आतंकी हाफिज सईद को पाकिस्तान की अदालत ने 31 साल की सजा सुनाई थी। उसके बाद दोनों आतंकी, कई बार सार्वजनिक मंच पर दिखाई देते रहे हैं। इससे उनके जेल में होने पर संदेह होता है। भारतीय जांच एजेंसियों ने कई बार पाकिस्तान को उक्त आतंकियों के खुलेआम घूमने के सबूत सौंपे हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
'धुरंधर' के हाथ मारे गए आतंकी
फरवरी 2023 के दौरान रावलपिंडी में हिजबुल मुजाहिद्दीन कमांडर बशीर अहमद पीर को गोली मार दी गई। तभी अल-बद्र के कमांडर खालिद रजा को कराची में ढेर कर दिया गया। मार्च में सैयद नूर शालोबर की हत्या कर दी गई। चार महीने बाद कराची में हाफिज सईद के करीबी सरदार हुसैन अरेन की हत्या हो गई। सितंबर में अबु कासिम मारा गया। अक्तूबर में पठानकोट हमले के मास्टरमाइंड शाहिद लतीफ की सियालकोट में हत्या कर दी गई। उसके बाद मुल्ला बाहौर उर्फ होर्मुज को बलूचिस्तान में खत्म कर दिया गया। उत्तरी वजीरिस्तान में मसूद अजहर का करीबी दाऊद मलिक मारा गया। अक्तूबर 2023 में ही दाऊद इब्राहिम का शूटर मोहम्मद सलीम मार दिया गया। नवंबर में ख्वाजा शाहिद की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मौत से कुछ दिन पहले ख्वाजा का अपहरण हो गया था। नवंबर में अकरम खान उर्फ अकरम गाजी की हत्या कर दी गई। अधिकांश आतंकियों का नाम भारत की मोस्ट वांटेड सूची में रहा है।
जारी रहा दहशतगर्दों के गिरने का सिलसिला
नवंबर 2023 में जैश कमांडर मौलाना तारिक रहीम को गोली मार दी गई। वह मसूद अजहर का करीबी था। कुछ दिन बाद सियालकोट में मोहम्मद मुजम्मिल को गोली मारी गई। दिसंबर में लश्कर आतंकी हंजला अदनान भी कराची में मारा गया। उसी साल ऐजाज अहमद अहंगर की अफगानिस्तान के कुणार प्रान्त में हत्या कर दी गई थी। खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर को कनाडा के सरे में गुरुद्वारे के बाहर गोली मारी गई थी। कुछ दिन बाद गैंगस्टर सुक्खा दुनेके की हत्या कर दी गई। जून, 2025 में जैश कमांडर मौलाना अब्दुल अजीज इसार मारा गया। पिछले दिनों लश्कर-ए-तैयबा के सह संस्थापक अमीर हमजा पर लाहौर में जानलेवा हमला हुआ है। हाफिज सईद के करीबी शेख यूसुफ अफरीदी पर 26 अप्रैल को गोलियां बरसाई गई। 29 अप्रैल को जैश-ए-मोहम्मद के मौलाना सलमान अजहर की संदिग्ध हालत में मौत हो गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
