{"_id":"662a0a21dd8466663c0f6c08","slug":"lok-sabha-polls-phase-2-rahul-gandhi-shashi-tharoor-in-fray-hema-malini-om-birla-seek-hat-trick-of-wins-2024-04-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Polls Phase 2: राहुल से शशि थरूर तक की किस्मत का कल फैसला, हैट्रिक लगाने की तैयारी में हेमा मालिनी और ओम बिरला","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Polls Phase 2: राहुल से शशि थरूर तक की किस्मत का कल फैसला, हैट्रिक लगाने की तैयारी में हेमा मालिनी और ओम बिरला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Thu, 25 Apr 2024 01:15 PM IST
विज्ञापन
सार
लोकसभा चुनाव सात चरणों में होने हैं। प्रथम चरण के तहत 19 अप्रैल को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान हुआ था। वहीं, अब दूसरे चरण का चुनाव शुक्रवार यानी कल होने वाला है।
दूसरे चरण में यह हैं बड़े चेहरे
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
लोकसभा चुनाव को लेकर देश में एक अलग माहौल बना हुआ है। पहले चरण के बाद दूसरे चरण के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। 26 अप्रैल का चुनाव कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शशि थरूर, अभिनेता से नेता बने अरुण गोविल के साथ- साथ भाजपा नेता हेमा मालिनी, ओम बिरला और गजेंद्र शेखावत के लिए काफी अहम है। यह सभी उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
Trending Videos
कई भाजपा नेता हैट्रिक लगाने की तैयारी में
हेमा मालिनी, ओम बिरला सहित कई भाजपा नेता अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश करेंगे। बता दें, दूसरे चरण का चुनाव शुक्रवार यानी कल होने वाला है। 13 राज्यों की 88 सीटों पर चुनाव होना है। इससे पहले 19 अप्रैल को पहले चरण का चुनाव हुआ था, जिसमें 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए वोट पड़े थे। करीब 65.5 फीसदी मतदान हुआ था।
विज्ञापन
विज्ञापन
इन जगहों पर होगा 26 अप्रैल को चुनाव
अब लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को केरल की सभी 20 सीटों, कर्नाटक की 28 में से 14, राजस्थान की 13, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की आठ-आठ, मध्य प्रदेश की सात, असम तथा बिहार की पांच-पांच, छत्तीसगढ़ तथा पश्चिम बंगाल की तीन-तीन सीटों पर मतदान होना है। वहीं, मणिपुर, त्रिपुरा और जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट पर चुनाव होगा।
वायनाड पर राजनीति जारी
राहुल गांधी केरल के वायनाड से मौजूदा सांसद हैं। वे एक बार फिर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, उन्हें सीपीआई के एनी राजा और भाजपा के के. सुरेंद्रन टक्कर दे रहे हैं। साल 2019 के चुनाव में, गांधी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सीपीआई के पीपी सुनीर के खिलाफ सात लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।
इसके अलावा, तिरुवनंतपुरम सीट पर कांग्रेस की चौथी बार जीत की उम्मीद की जा रही है। यहां से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर चुनावी मैदान में हैं। उन्हें भाजपा के केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और भाकपा के पन्नयन रवींद्रन के खिलाफ खड़ा किया गया है।
इन नेताओं की जीत पर तीसरी बार भी नजर
मथुरा से 2014 से सांसद हेमा मालिनी कांग्रेस के मुकेश धनगर के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं, जबकि कोटा से दो बार सांसद रहे ओम बिड़ला कांग्रेस पार्टी के प्रहलाद गुंजल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री शेखावत की तीसरी बार जोधपुर सीट पर नजर है। जबकि कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार करण सिंह उछियारदा जीत की उम्मीद कर रहे हैं।
बंगलूरू दक्षिण से मौजूदा सांसद और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का मुकाबला कांग्रेस की सौम्या रेड्डी से होगा। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल राजनांदगांव से चुनाव लड़ रहे हैं, जो 30 साल से अधिक समय से भाजपा का गढ़ है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह के उत्तराधिकारी के तौर पर 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाले भाजपा के उम्मीदवार संतोष पांडेय के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।
रामायण टीवी धारावाहिक में भगवान राम का किरदार निभाने के लिए मशहूर तीन बार के सांसद राजेंद्र अग्रवाल की जगह अरुण गोविल पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और उनका मुकाबला बसपा के देवव्रत कुमार त्यागी और सपा की सुनीता वर्मा से है।
वीरेंद्र कुमार चौथी जीत पर नजर गड़ाए हुए
मध्य प्रदेश में भाजपा नेता वीरेंद्र कुमार खटीक टीकमगढ़ से चौथी जीत पर नजर गड़ाए हुए हैं। कांग्रेस ने इस निर्वाचन क्षेत्र से पंकज अहिरवार को मैदान में उतारा है। 2019 में खटीक ने कांग्रेस की किरण अहिरवार को 3.48 लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया था।
कांग्रेस के लिए अलप्पुझा सीट पर मुकाबला बना प्रतिष्ठा की लड़ाई
केरल की अलप्पुझा सीट पर मुकाबला कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। वर्ष 2019 के चुनाव में कांग्रेस ने केरल की 20 में से 19 सीट पर जीत हासिल की थी, एक सीट मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने अपने नाम की थी। कांग्रेस इस सीट पर भी जीत हासिल करना चाहती है।
वेणुगोपाल अपने राजनीतिक करियर में कोई बड़ा चुनाव नहीं हारे हैं। उन्होंने 1996, 2001 और 2006 में लगातार तीन बार अलाप्पुझा विधानसभा सीट जीती और 2009 और 2014 में अलाप्पुझा से लोकसभा के लिए चुने गए। वर्ष 2019 में, पार्टी द्वारा उन्हें एआईसीसी का महासचिव बनाए जाने के बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा।
अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी त्रिशूर से कांग्रेस के के मुरलीधरन और माकपा के वीएस सुनील कुमार के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। पश्चिम बंगाल के बालुरघाट से मौजूदा भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार फिर से चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला तृणमूल कांग्रेस के बिप्लब मित्रा और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के जयदेव सिद्धांत से है।

कमेंट
कमेंट X