सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Hindi updates Mumbai bmc Nagpur pune politics crime cm fadnavis eknath shinde nitin gadkari

Maharashtra Updates: ठाणे में ओवरटेक की कोशिश बनी काल, कंटेनर से टकराई स्कूटर; दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: शिवम गर्ग Updated Thu, 04 Jun 2026 09:55 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Hindi updates Mumbai bmc Nagpur pune politics crime cm fadnavis eknath shinde nitin gadkari
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब स्कूटर सवार युवकों ने एक कंटेनर ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे कल्याण-मुरबाड रोड पर वराप गांव के पास हुई। तीनों युवक स्कूटर से कल्याण से मुरबाड की ओर जा रहे थे।



प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटर कंटेनर ट्रक के पीछे चल रही थी। इसी दौरान चालक ने भारी वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से स्कूटर कंटेनर से जा टकराई। टक्कर के बाद दोपहिया वाहन फिसलकर ट्रक के पिछले पहियों के नीचे जा पहुंचा। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटर पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इनमें दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


मृतकों की पहचान 22 वर्षीय राजू गुप्ता और 28 वर्षीय पवन गुप्ता के रूप में हुई है। घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि कंटेनर चालक से पूछताछ की जा रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और जोखिम भरे ओवरटेकिंग के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
विज्ञापन
Trending Videos


संघ का शताब्दी वर्ष  मुंबई में 18 दिसंबर से वर्ल्ड कांग्रेस महासम्मेलन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत इस साल 'वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 का आयोजन मुंबई में होने जा रहा है। हर चार वर्ष में होने वाला यह महासम्मेलन 18 से 20 दिसंबर तक जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। इस त्रिवसीय वैश्विक महासम्मेलन का केंद्रीय विषय 'समानं व्रतं सह चित्तम्' (साझा संकल्प, सामूहिक दृढ़ता) रखा गया है। 2014 में दिल्ली से शुरू हुआ यह सफर शिकागो बैंकॉक के बाद अब मुंबई में हिंदू गौरव और रणनीतिक सहयोग का नया अध्याय लिखेगा।

रिलायंस कम्युनिकेशंस के पूर्व एमडी कल तक सीबीआई हिरासत में
अनिल अंबानी की मालिकाना हक वाली रिलायंस कम्युनिकेशंस के पूर्व समूह प्रबंध निदेशक अमिताभ झुनझुनवाला को मुंबई की एक स्थानीय अदालत ने बुधवार को बैंक लोन धोखाधड़ी के एक मामले में 5 जून तक सीबीआई हिरासत में भेज दिया। झुनझुनवाला को विशेष सीबीआई अदालत के जज जेपी दारेकर के सामने पेश किया गया था। सीबीआई की तरफ से विशेष सरकारी वकील ए लिमोसिन और जितेंद्र शर्मा ने विस्तृत जांच के लिए झुनझुनवाला की हिरासत की मांग की।

हाशमी की गिरफ्तारी से सामने आया आईएसआई व अंडरवर्ल्ड का गठजोड़
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने संयुक्त अभियान में मुंबई से हुजैफा फारूक अहमद हाशमी को गिरफ्तार किया है। बुधवार को ठाणे की अदालत में हुजैफा की पेशी के दौरान जांच एजेंसियों ने दावा किया कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और अंडरवर्ल्ड के गठजोड़ का सामने आया है। कोर्ट ने उसे 5 जून तक ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाने और पटियाला कोर्ट में पेश करने की अनुमति दी है। दिल्ली पुलिस ने व्हाट्सएप चैट के सक्रीनशॉट पेश किए। कहा कि हाशमी पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी और अन्य हैंडलरों के संपर्क में था जो बांद्रा रेलवे स्टेशन परिसर के अवैध निर्माण और अवैध मस्जिद को ढहाने का बदला लेने की साजिश रच रहे थे। उसने तोड़क कार्रवाई से जुड़े वीडियो और तस्वीरें शहजाद भट्टी को भेजी थीं।  हुजैफा ने अपने साथ तौकीर और साजिद को भी  पैसों का लालच देकर कथित मॉड्यूल में शामिल किया था और फिर उन्हें आईएसआई और अंडरवर्ल्ड से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा बनाया गया। यह आशंका जताई गई है कि गरीब नगर में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस को निशाना बनाने की योजना तैयार की जा रही थी।

ISI और डी-कंपनी कनेक्शन का शक, संयुक्त ऑपरेशन में युवक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे की एक अदालत ने डी-कंपनी के एक कथित ऑपरेटिव और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार 26 वर्षीय युवक को 5 जून तक ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस ने संयुक्त अभियान के तहत की थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एस. एन. कन्नुरकर ने बुधवार को आदेश दिया कि आरोपी हुजैफा फारूक अहमद हाशमी को आगे की कार्रवाई के लिए नई दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाए।

सुनवाई के दौरान जांच एजेंसियों ने अदालत के समक्ष चैट के स्क्रीनशॉट और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े दस्तावेज पेश किए। एजेंसियों का दावा है कि हुजैफा का संपर्क पाकिस्तान में बैठे कथित ऑपरेटिव यावर खान से था। अदालत ने ट्रांजिट रिमांड मंजूर करते हुए जांच के दौरान सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जांच एजेंसियों के अनुसार, हुजैफा मुंबई अंडरवर्ल्ड के कथित प्रमुख सहयोगी मुन्ना झिंगड़ा का करीबी माना जाता है, जिसके कराची से गतिविधियां संचालित करने का संदेह है।

दरअसल, जांच एजेंसियां मुंबई अंडरवर्ल्ड और पाकिस्तान की ISI के बीच कथित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। इसी सिलसिले में हाल के दिनों में मुंबई के कई ठिकानों पर समन्वित तलाशी और छापेमारी अभियान भी चलाया गया था। मामले की जांच जारी है और एजेंसियां कथित नेटवर्क के अन्य संभावित लिंक की भी जांच कर रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed