सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Hindi Updates Nanded Mumbai Custom Nagpur Pune Education Polity Crime and other News

Maharashtra: सभी स्कूलों में होगा विशेष आयोजन, 31 अक्तूबर से 7 नवंबर तक वंदे मातरम का गाया जाएगा पूरा संस्करण

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 30 Oct 2025 10:32 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Hindi Updates Nanded Mumbai Custom Nagpur Pune Education Polity Crime and other News
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों से 31 अक्टूबर से 7 नवंबर तक राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' का पूरा संस्करण गाने को कहा है। स्कूल शिक्षा विभाग ने 27 अक्टूबर को इस संबंध में एक परिपत्र जारी किया। इसमें कहा गया है कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित वंदे मातरम गीत 31 अक्टूबर को 150 वर्ष पूरे कर रहा है।

Trending Videos


वर्तमान में राज्य भर के स्कूलों में राष्ट्रीय गीत के पहले दो पद गाए जाते हैं। हालांकि, इसके 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 31 अक्टूबर से 7 नवंबर तक सभी माध्यमों के स्कूलों में वंदे मातरम का पूरा संस्करण गाया जाना चाहिए। इसमें कहा गया है कि स्कूलों को इस गीत के इतिहास को दर्शाने वाली एक प्रदर्शनी भी लगानी चाहिए। हालांकि, समाजवादी पार्टी के नेता अबू आज़मी ने इस कदम का विरोध किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सातारा: डॉक्टर खुदकुशी मामले की न्यायिक जांच की मांग
महाराष्ट्र के सातारा जिले में महिला सरकारी डॉक्टर की कथित आत्महत्या को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने गुरुवार को दावा किया कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है और मामले की न्यायिक जांच के साथ-साथ एसआईटी से जांच की मांग की। विपक्षी दल ने यह भी मांग की कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बिना किसी जांच के आरोपियों को "क्लीन चिट" देने के लिए माफी मांगनी चाहिए।

मध्य महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के बीड जिले की रहने वाली और सातारा जिले के एक सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर 23 अक्तूबर की रात फलटण कस्बे के एक होटल के कमरे में फंदे से लटकी पाई गईं। अपनी हथेली पर लिखे सुसाइड नोट में उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदाने ने कई बार उनके साथ बलात्कार किया, जबकि सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बनकर ने उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने मृतक डॉक्टर के लिए न्याय की मांग करते हुए कहा कि देश के वंचितों और महिलाओं के प्रति भाजपा-आरएसएस की मानसिकता जगजाहिर है। महाराष्ट्र कांग्रेस महासचिव अतुल लोंधे पाटिल के साथ उन्होंने कहा कि जो कुछ हुआ उससे पता चलता है कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। गायकवाड़ ने कहा, "महिलाओं के खिलाफ अपराध चरम पर हैं और जहाँ रक्षक ही भक्षक बन जाएं, वहां हालात की कल्पना की जा सकती है।"

लंदन में है पुणे का गैंगस्टर घायवाल, ब्रिटिश उच्चायोग ने की पुष्टि
भारत में ब्रिटिश उच्चायोग ने पुष्टि की है कि फरार गैंगस्टर निलेश घायवाल वर्तमान में लंदन में "विजिटर वीजा" पर है। पुणे पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, उच्चायोग ने यह भी सूचित किया है कि घायवाल का पासपोर्ट भारतीय एजेंसियों द्वारा रद्द कर दिया गया है और इसकी जानकारी यूके के संबंधित विभागों को भेज दी गई है। पुणे पुलिस को संदेह था कि घायवाल जाली पासपोर्ट के जरिए भारत से भागकर ब्रिटेन पहुंचा है, जिसके बाद पुलिस ने उसके हिरासत और प्रत्यर्पण के लिए ब्रिटिश उच्चायोग से संपर्क किया था। पुलिस उपायुक्त संभाजी कदम ने बताया कि उच्चायोग की जानकारी के अनुसार घायवाल लंदन में अपने बेटे से मिलने गया है। उल्लेखनीय है कि 18 सितंबर को पुणे के कोथरुड इलाके में सड़क विवाद के दौरान घायवाल के सहयोगियों द्वारा एक व्यक्ति को गोली मारने की घटना के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

नागपुर-मुंबई में दो हादसे, चार लोगों की मौत
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में बुधवार को एक कार और निजी यात्री बस की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह हादसा नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर वडांबा गांव के पास दोपहर में हुआ। अधिकारी ने बताया कि जबलपुर की ओर जा रही कार ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर से बचाने की कोशिश में नियंत्रण खो दिया और बस से टकरा गई, जिसके बाद वह एक खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान कपिल साहनी (50), अमित अग्रवाल (51) और संदीप सोनी (51) के रूप में हुई, जो सभी जबलपुर निवासी थे। दुर्घटना में बाइक सवार दंपती, बस चालक और कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य हादसा BEST बस के कारण हुआ। मुंबई में हुई इस दुर्घटना में मुलुंड इलाके में 82 वर्षीय उषाबेन जामनदास खेड़ानी की मौत हो गई। घटना पंच रस्ता (एम.ए. चौक) पर हुई। बताया गया कि उषाबेन फुटपाथ पर खड़ी थीं और अचानक गिर पड़ीं। बस चालक को इसका पता नहीं चला और वाहन आगे बढ़ते समय वृद्धा पिछले पहिए के नीचे आ गईं।

न्हावा शेवा बंदरगाह पर 4 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के चीनी पटाखे जब्त
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने नवी मुंबई के न्हावा शेवा पोर्ट पर कांच के सामान के नीचे छिपाई गई 4.4 करोड़ रुपये मूल्य की चीनी पटाखे जब्त किए। यह कार्रवाई डीआरआई के चल रहे “ऑपरेशन फायर ट्रेल” के तहत की गई। अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना पर 40 फुट लंबा कंटेनर पकड़ा गया, जिसे चीन से आए कांच की बोतलों के रूप में घोषित किया गया था। जांच में उसमें 29,340 चीनी पटाखे छिपे मिले। विदेश व्यापार नीति के तहत पटाखों के आयात पर प्रतिबंध है और इसके लिए डीजीएफटी और पीईएसओ से अनुमति आवश्यक होती है। इस महीने मुंबई डीआरआई ने अब तक करीब 16 करोड़ के अवैध पटाखे जब्त किए हैं।

पैरोल पाने के लिए फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट का सहारा, नागपुर में 40 कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज
नागपुर के धंतोली पुलिस ने नागपुर सेंट्रल जेल में बंद 40 कैदियों के खिलाफ फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट के जरिए पैरोल लेने की कोशिश करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। यह शिकायत जेल प्रहरी मयूर राजेश्वर नागपुरे ने दर्ज कराई। आरोपियों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी भी शामिल हैं। जनवरी से जून के बीच इन कैदियों ने अपने रिश्तेदारों की गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए पैरोल मांगी थी, लेकिन जांच में सभी मेडिकल सर्टिफिकेट फर्जी पाए गए।

ठाणे में अपार्टमेंट में आग लगने से व्यक्ति की मौत


महाराष्ट्र के ठाणे शहर में बुधवार रात एक आवासीय इमारत में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह आग रात करीब पौने दस बजे वागले एस्टेट इलाके में स्थित प्रथमेश अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर लगी। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग को रात 10.10 बजे तक काबू में कर लिया गया। 

फ्लैट के मालिक की पहचान सचिन निकम (45 वर्षीय) के रूप में हुई है। वह आग से गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें तुरंत छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल (कलवा) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आग से फ्लैट के अंदर के बिजली के तार, पंखे, गद्दे और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

लातूर में भीमराव आंबेडकर की 75 फुट ऊंची प्रतिमा को प्रशासनिक मंजूरी, 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति


महाराष्ट्र के लातूर में डॉ. भीमराव आंबेडकर 75 फुट ऊंची प्रतिमा की निर्माण परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। स्थानीय विधायक अभिमन्यु पवार ने यह जानकारी दी। भव्य प्रतिमा शहर के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पार्क में स्थापित की जाएगी।

अभिमन्यु पवार ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही इस परियोजना के लिए राशि स्वीकृत कर दी थी, लेकिन प्रशासनिक मंजूरी न मिलने के कारण काम शुरू नहीं हो सका था। उन्होंने कहा, बाकी काम पूरा करने के लिए अतिरिक्त 12 करोड़ रुपये की जरूरत होगी। इसे मंजूर कराने के लिए मैं लगातार प्रयास करता रहूंगा। 

बीड में बैंक से चोरों ने उड़ाए 18.5 लाख रुपये 


महाराष्ट्र के बीड जिले में गुरुवार की सुबह एक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक की शाखा में चोर घुस गए और 18.5 लाख रुपये चोरी कर ले गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

घटना पाली में सुबह करीब तीन बजे हुई, जिसमें चोरों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर बैंक शाखा के मुख्य लॉकर को खोला। यह शाखा धुले-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। पुलिस ने कहा कि चोर 18.5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। बीड ग्रामीण पुलिस के निरीक्षक मारुति खेडकर ने बताया कि इस चोरी से संबंधित मामला दर्ज किया जा रहा है।

नांदेड़: अपहरण और हत्या के मामले में दो गिरफ्तार


महाराष्ट्र के नांदेड़ में कंदाली बुद्रुक गांव में 17 वर्षीय युवक के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश संभाजी डेरेवाड़ (39) और उनके बेटे विशाल गणेश डेरेवाड़ (19) के रूप में हुई है। मृतक नाकुल संजय पावडे (17) छत्रपति संभाजीनगर में अपने चाचा के साथ रहकर पढ़ाई करता था और दिवाली पर घर आया हुआ था। 26 अक्तूबर की सुबह उसके पिता ने उसे गायब पाया और तामसा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नाकुल का दोस्त विशाल इस मामले में शामिल हो सकता है। पूछताछ में विशाल ने बताया कि नाकुल उसकी बहन को परेशान कर रहा था, जिसके चलते उन्होंने उसकी हत्या की योजना बनाई। दोनों ने रात में उसे बुलाकर हमला किया और हत्या के बाद शव को ठिकाने लगा दिया। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

मुंबई एयरपोर्ट पर 12.4 करोड़ रुपये मूल्य की हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त



मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने बैंकॉक से आए यात्रियों के तीन समूहों के पास से 12.4 करोड़ रुपये मूल्य की हाइड्रोपोनिक गांजा (वीड) जब्त की और छह लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार से मंगलवार के बीच की गई। मुंबई कस्टम्स जोन-III के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर बैंकॉक से आए यात्रियों की जांच की, जिनके ट्रॉली बैग से 12.418 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद हुआ। सभी छह यात्रियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्स्टांसेस एक्ट (एनडीपीएस अधिनियम), 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया। सीमा शुल्क विभाग ने एक अन्य मामले में शारजाह से आए तीन अन्य यात्रियों को भी पकड़ा। इनके बैग से 40 iPhone 17 Pro Max, 30 लैपटॉप, 12 शराब की बोतलें और सिगरेटें बरामद हुईं, जिनकी कुल कीमत 56.55 लाख रुपये है। ये सभी वस्तुएं ट्रॉली बैग में छिपाई गई थीं। तीनों यात्रियों को कस्टम्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed