NAFED E-commerce: रसोई तक पहुंचेगा नैफेड, छह शहरों में खुलेंगे स्टोर; क्या ऑनलाइन खरीदारी भी होगी आसान?
नैफेड अब सिर्फ किसानों की उपज खरीदने वाली संस्था तक सीमित नहीं रहना चाहता। वह सीधे आम लोगों की रसोई तक अपने उत्पाद पहुंचाने की तैयारी में है। चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में नैफेड ने 42 करोड़ रुपये की बिक्री की है। छह बड़े शहरों में नए स्टोर और डार्क स्टोर बनाने की तैयारी है। क्या इससे ग्राहकों को शुद्ध सामान सही कीमत पर और जल्दी मिल सकेगा? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपज खरीदने वाला भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ यानी नैफेड अब खुदरा बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। संस्था का लक्ष्य आम उपभोक्ताओं तक अपने उत्पाद सीधे पहुंचाना है। इसके लिए छह बड़े शहरों में आधुनिक स्टोर खोले जाएंगे। साथ ही ऑनलाइन खरीदारी को तेज करने के लिए डार्क स्टोर बनाने की तैयारी है। नैफेड का जोर शुद्धता, सही कीमत और आसान उपलब्धता पर है।
पांच महीने में नैफेड की बिक्री कितनी बढ़ी है?
नैफेड के खुदरा कारोबार में इस वित्त वर्ष में तेज बढ़ोतरी दर्ज हुई है। वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती पांच महीनों में ही संस्था ने 42 करोड़ रुपये के उत्पाद बेच दिए हैं। यह आंकड़ा वित्त वर्ष 2025-26 की पूरे 12 महीने की बिक्री से भी ज्यादा है। पिछले वित्त वर्ष में नैफेड के उत्पादों की कुल बिक्री करीब 32 करोड़ रुपये रही थी। चालू वित्त वर्ष के अंत तक 100 करोड़ रुपये की बिक्री का लक्ष्य रखा गया है।
किन छह शहरों में खुलेंगे नैफेड के नए स्टोर?
नैफेड पहले चरण में छह शहरों में अपने नए स्टोर खोलने जा रहा है। इनमें कर्नाटक का बंगलूरू, उत्तर प्रदेश का लखनऊ, मध्य प्रदेश का इंदौर, राजस्थान का जयपुर, पश्चिम बंगाल का कोलकाता और असम का गुवाहाटी शामिल हैं। पहले चरण में राज्यों की राजधानियों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके बाद टियर-2 शहरों और प्रमुख औद्योगिक शहरों में भी स्टोर खोलने की योजना है।
ऑनलाइन खरीदारी के लिए क्या तैयारी कर रहा है नैफेड?
ऑनलाइन बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए नैफेड अपनी लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को बेहतर कर रहा है। अभी नैफेड ई-बाजार से सामान पहुंचने में तीन से चार दिन लगते हैं। इसे तेज करने के लिए नैफेड अपने नए और मौजूदा स्टोरों को डार्क स्टोर यानी स्थानीय सामान रखने वाले केंद्रों में बदलने की तैयारी कर रहा है। इससे आसपास के ग्राहकों तक ऑनलाइन ऑर्डर जल्दी पहुंचाने में मदद मिलेगी। नैफेड के उत्पाद उसके आधिकारिक पोर्टल के साथ प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
क्या नैफेड की बिक्री का लक्ष्य 100 करोड़ रुपये तक पहुंच पाएगा?
नैफेड के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक दीपक कुमार के अनुसार, ग्राहक अब पैकिंग के साथ शुद्धता और सही कीमत को भी महत्व दे रहे हैं। इसी मांग को देखते हुए नैफेड खुदरा कारोबार को तेजी से बढ़ा रहा है। पांच महीनों में 42 करोड़ रुपये की बिक्री के बाद संस्था को उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष के अंत तक 100 करोड़ रुपये की बिक्री का लक्ष्य पार किया जा सकता है। छह शहरों में स्टोर और डार्क स्टोर की योजना इस विस्तार का अहम हिस्सा है।