प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अचानक लद्दाख पहुंच गए। वे नीमू में फारवर्ड लोकेशंस पर शुक्रवार तड़के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, सेनाध्यक्ष एमएम नरवणे के साथ यहां पहुंचे। उन्होंने यहां पर सेना, वायुसेना और इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों से बात की। करीब 11,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित नीमू को बेहद मुश्किल माना जाता है। यह इलाका सिंधु नदी के किनारे पर स्थित है।
सीडीएस और सेनाध्यक्ष संग अचानक लद्दाख पहुंचे पीएम मोदी, जानें कब-कब चौंकाया
पिछले साल राजौरी में मनाई दिवाली
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तैनात जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। जवान उनके इस अचानक दौरे से काफी खुश थे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई थी।
यह भी पढ़ें- भारत-चीन तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अचानक लेह पहुंचे
अचानक हारसिल पहुंचे थे पीएम
नवंबर 2018 में दिवाली के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अचानक उत्तराखंड के हारसिल में जवानों से मिलने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने तब केदारनाथ मंदिर में दर्शन भी किए थे।
गुरेज सेक्टर में मनाई दिवाली
2017 में भी प्रधानमंत्री ने एलओसी पर जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। उस साल वे कश्मीर के गुरेज सेक्टर में तैनात जवानों से मिलने पहुंचे थे। सेना की जैकेट और सनग्लासेज पहने हुए प्रधानमंत्री ने सैनिकों से कहा था कि मैं जब भी आपसे हाथ मिलाता हूं मुझे बड़ी ऊर्जा मिलती है। मैं देखता हूं कि इन कठिन हालात में आप कैसे तपस्या और त्याग कर रहे हैं।
कमेंट
कमेंट X