Ukraine: यूक्रेनी दूतावास का दावा- रूसी मिसाइल ने भारतीय दवा कंपनी को बनाया गया निशाना, जानबूझकर किया हमला
Ukraine: यूक्रेन में भारतीय दवा कंपनी कुसुम फार्मा के गोदाम पर रूस ने मिसाइल से हमला किया है। यूक्रेनी दूतावास ने यह जानकारी दी। दूतावास ने आरोप लगाया कि रूस जानबूझकर भारतीय व्यवसायों को निशाना बना रहा है और बच्चों-बुजुर्गों के लिए बनी दवाएं नष्ट कर रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूक्रेनी दूतावास ने शनिवार को जानकारी दी कि रूस की ओर से दागी गई एक मिसाइल ने भारतीय दवा कंपनी कुसुम फार्मा के गोदाम को निशाना बनाया। दूतावास ने कहा कि भारतीय व्यापारिक हितों को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने के लिए हमला किया गया है।
नई दिल्ली स्थित यूक्रेनी दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि मॉस्को जानबूझकर भारतीय व्यवसायों को निशाना बना रहा है और बच्चों व बुजुर्गों के लिए बनी दवाओं को नष्ट कर रहा है। दूतावास ने कहा, आज रूसी मिसाइल ने यूक्रेन में भारतीय दवा कंपनी कुसुम फार्मा के गोदाम पर हमला किया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में यूक्रेनी दूतावास ने कहा, रूस भारत के साथ विशेष मित्रता का दावा करता है, लेकिन भारतीय व्यवसायों को निशाना बना रहा है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए बनी दवाओं को नष्ट कर रहा है। तत्काल अधिक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
ये भी पढ़ें: Greenhouse Tax: भारत ने भी शिपिंग पर पहले वैश्विक कार्बन टैक्स के पक्ष में किया मतदान, जानें इसका उद्देश्य
इससे पहले, यूक्रेन में ब्रिटेन के राजदूत मार्टिन हैरिस ने भी दावा किया कि रूसी हमलों ने कीव में एक प्रमुख दवा गोदाम को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि हमला रूसी ड्रोन द्वारा किया गया था। हैरिस ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, शनिवार सुबह रूसी ड्रोन ने कीव में एक प्रमुख दवा गोदाम को पूरी तरह से नष्ट कर दिया, जिसमें बुजुर्गों और बच्चों के लिए आवश्यक दवाओं का स्टॉक जलकर राख हो गया। यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ रूस का आतंक अभियान जारी है। बात दें कि पिछले कुछ दिनों में, रूस ने यूक्रेन में कई ठिकानों पर बमबारी की, जबकि अमेरिका कीव और मॉस्को के बीच युद्ध विराम के लिए दबाव बना रहा है। यूक्रेन में युद्ध विराम पर चर्चा करने के लिए अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने शुक्रवार को सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। यूक्रेनी विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने आरोप लगाया कि रूस शांति के लिए एकमात्र बाधा है।
29 देशों में कारोबार करती है कुसुम हेल्थकेयर
उल्लेखनीय है कि कुसुम हेल्थकेयर की उपस्थिति 29 देशों में है। इसमें यूक्रेन, मोल्दोवा, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान केन्या, आइवरी कोस्ट, बेनिन, बुर्किना फासो, इथियोपिया, नाइजर, कैमरून, माली और तंजानिया शामिल हैं। कंपनी की तरफ से अभी कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
संबंधित वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.