Poonch: 20 साल पुराने साथी को गले लगा भावुक हुए सेना प्रमुख, सेवानिवृत्त सूबेदार परवेज अहमद को किया सम्मानित
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जम्मू दौरे के दौरान पुंछ के सीमावर्ती गांव कामसर पहुंचकर अपने 20 साल पुराने साथी सेवानिवृत्त सूबेदार परवेज अहमद से मुलाकात की। इस दौरान वह भावुक हो गए। उन्होंने परवेज अहमद को गले लगाया और वेटरन अचीवर अवॉर्ड से सम्मानित किया।
विस्तार
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी अपने प्रवास के दौरान पुंछ पहुंचे और भारतीय सेना की तैयारियों और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर हालात का जायजा लिया। सैन्य हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उन्होंने नगर मोहल्ला कामसर में रहने वाले अपने सेवा निवृत्त साथी, आनरेरी कैप्टन परवेज अहमद खान के घर जाकर परवेज अहमद और उनके परिवार से मुलाकात की।
इसके बाद सेना प्रमुख पुंछ सैन्य ब्रिगेड मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की और सीमावर्ती सुरक्षा पर चर्चा की। बैठक के बाद उन्होंने नियंत्रण रेखा के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया और वहां तैनात अधिकारियों और जवानों से मिलकर उनकी मेहनत और योगदान की सराहना की।
20 साल पुराने साथी को गले लगा भावुक हुए सेना प्रमुख
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अपने जम्मू दौरे के दूसरे दिन पुंछ के सीमावर्ती गांव कामसर पहुंचे और अपने 20 साल पुराने साथी से मिलकर भावुक हो गए। उन्होंने अपने पुराने साथी, सेवानिवृत्त सूबेदार (मानद कैप्टन) परवेज अहमद को वेटरन अचीवर अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह सम्मान अहमद को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना को रसद और स्थानीय तालमेल में दिए गए असाधारण सहयोग के लिए प्रदान किया गया।
जनरल द्विवेदी और अहमद साल 2002 से 2005 के बीच एक ही यूनिट में तैनात थे। अपने पुराने साथी को गले लगाते देख वहां मौजूद ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों की आंखें नम हो गईं। इसके साथ ही सेना प्रमुख ने पुंछ और राजौरी के अग्रिम इलाकों का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों और ऑपरेशनल मुस्तैदी का जायजा लिया। स्थानीय कमांडरों ने उन्हें सीमा के हालात और हालिया ड्रोन घुसपैठ के बाद उठाए गए आतंकवाद विरोधी कदमों की जानकारी दी। नगरोटा स्थित 16वीं कोर मुख्यालय में भी सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।