जम्मू-कश्मीर: जमीन के विवाद ने लिया खूनी रूप, रिटायर्ड एएसआई की हत्या, भाई गिरफ्तार
राजोरी की मोहड़ा पंचायत में जमीन विवाद को लेकर हुए हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के सेवानिवृत्त एएसआई सखी मोहम्मद की मौत हो गई। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने उनके भाई मोहम्मद रफीक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
राजोरी जिले की की पंचायत मोहड़ा में शुक्रवार सुबह जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में जम्मू-कश्मीर पुलिस के सेवानिवृत्त एएसआई की मौत हो गई। मृतक की पहचान सखी मोहम्मद निवासी मोहड़ा के रूप में हुई है। मृतक के बेटे के आरोप पर पुलिस ने उनके चाचा मोहम्मद रफीक के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बेटे मोहम्मद कलीम ने आरोप लगाया कि उनका परिवार लंबे समय से चाचा मोहम्मद रफीक और उसके परिवार के साथ जमीन विवाद को लेकर तनाव में था। इस विवाद के चलते पहले भी उन्हें धमकियां दी गई थीं और मारपीट की घटनाएं हुई थीं। कलीम के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उनके पिता घर के पास अपनी जमीन पर किसी काम से गए थे। चाचा मोहम्मद रफीक, उनके बेटे जुल्फिकार अली और पत्नी परवीन अख्तर ने उन पर हमला कर दिया। पिता जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल कोटरंका ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी राजोरी पहुंचाया। डॉक्टरों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
भाई के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज
पुलिस का कहना है कि आरोपी मोहम्मद रफीक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।