पौनी। पंचायत खैरालैड के बुलियन गांव में सोमवार दोपहर दो अलग-अलग घरों में चोरी की वारदात सामने आई है। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार माया देवी अपने पोते को घर पर छोड़कर बाजार किसी काम से गई हुई थी। उनका बेटा और बहू जम्मू गए हुए थे। जब वह दोपहर में वापस घर पहुंची तो देखा कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच करने पर ट्रंक बॉक्स भी टूटा मिला और उसमें रखा सामान व नकदी गायब थी।
इसी दौरान पास में रहने वाले सूरम चंद के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि घर खाली पाकर चोरों ने पहले लॉबी का ताला तोड़ा और फिर अंदर अलमारी के लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये चोरी कर लिए।
घर की महिला सदस्य ने बताया कि उनके बेटे की हाल ही में रिंग सेरेमनी हुई थी और उसी के लिए रखे गए 20 हजार रुपये अलमारी में थे, जिन्हें चोर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।