नेताओं पर मुकदमों का बोझ: जम्मू-कश्मीर में सांसदों-विधायकों पर 24 केस लंबित, सिर्फ एक केस का निपटारा
जम्मू-कश्मीर की विभिन्न अदालतों में सांसदों और विधायकों के खिलाफ दर्ज 25 मामलों में से 24 अभी लंबित हैं, जबकि केवल एक मामले का निपटारा हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में सांसदों और विधायकों के खिलाफ यहां की विभिन्न अदालतों में कुल 24 केस चल रहे हैं। बीती 30 जून तक के आंकड़ों के अनुसार कुल दर्ज 25 में से अभी केवल एक ही मामले का निस्तारण हो पाया है। सबसे ज्यादा नौ मामले जम्मू में दर्ज किए गए हैं। आठ केस डोडा, जबकि तीन-तीन आपराधिक मामले श्रीनगर और अनंतनाग में दर्ज किए गए हैं। एक पुलवामा का है।
हाल ही में जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की ओर से वर्तमान और पूर्व सांसदों एवं विधायकों पर दर्ज आपराधिक मामलों की जांच और अब तक की प्रगति को लेकर स्टेटस रिपोर्ट तलब की गई है, जिसके बाद लोगों में इस बारे में जानने की उत्सुकता है। जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट ने 30 जून तक के आंकड़े अपनी वेबसाइट पर अपलोड किए हैं।
पूर्व विधायकों अब्दुल रहीम राथर, पीर मंजूर अहमद और फिरोज अहमद शाह के खिलाफ अनंतनाग के स्पेशल जज एंटीकरप्शन की अदालत में मामला पेंडिंग है। जाहिर है कि तीनों ही मामले भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े हैं और अभी सबूत के चरण में हैं। राथर, जो स्पीकर भी हैं, उन पर दर्ज मामला छह साल पुराना है, जबकि मंजूर और शाह के खिलाफ अदालत में 1997 से मामला चल रहा है।
डोडा विधायक मेहराज मलिक पर सबसे अधिक मामले
डोडा विधायक मेहराज मलिक के खिलाफ डोडा/भद्रवाह की मुंसिफ अदालतों ठाठरी और गंदोह में कुल नौ मामले दर्ज हैं। इनमें से चार बीते साल के हैं। तीन दो जुलाई और एक 12 दिसंबर का। इनमें उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट हुए और उन्हें जेल भी रहना पड़ा। उनके खिलाफ 2021 और 2023 में दर्ज दो मामलों में केस अभियोजन के गवाहों के चरण पर है। वहीं, बीते साल दर्ज दो मामले अभियुक्त के बयान के चरण पर हैं। उनके खिलाफ बीते साल का एक मामला जम्मू की स्पेशल मोबाइल एक्साइज मजिस्ट्रेट की अदालत में लंबित है।
पूर्व विधायक कांता अंडोत्रा पर भ्रष्टाचार के आरोपों से संबंधित दो मामलों में स्टे : जम्मू में दर्ज कुल नौ मामलों में दो पूर्व विधायक कांता अंडोत्रा के खिलाफ हैं, लेकिन स्पेशल जज एंटी करप्शन (सीबीआई मामले) की अदालत में दर्ज इन दोनों ही मामलों में उन्हें हाईकोर्ट से स्टे मिला हुआ है। ये दोनों ही मामले 2020-21 के हैं। पूर्व विधायक गगन भगत पर आरएसपुरा की मुंसिफ कोर्ट में मामला पेंडिंग है। यह आरोपों पर बहस के चरण में है।
पुलवामा में एकमात्र केस इंजीनियर रशीद पर
पुलवामा की सीजेएम अदालत में एकमात्र मामला सांसद इंजीनियर रशीद पर दर्ज है। मामला तीन साल पुराना है। वहीं, जम्मू की सीजेएम अदालत में तीन मामले दर्ज हैं। इनमें से एक पूर्व विधायक प्रेमनाथ के खिलाफ है, जो अंतिम बहस के चरण पर है। वहीं, पूर्व विधायक अब्दुल मजीद वानी पर दर्ज केस आरोपों पर बहस की स्टेज पर हैं। पूर्व विधायक शब्बीर अहमद डार के खिलाफ मामले में हाईकोर्ट से स्टे है। पूर्व विधायक शेख जफरउल्लाह के खिलाफ दो साल से जम्मू की स्पेशल मोबाइल एक्साइज मजिस्ट्रेट की अदालत में केस पेंडिंग है।
पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के मामले में कार्रवाई पर स्टे
श्रीनगर में दर्ज तीन मामलों में एक सीजेएम अदालत श्रीनगर में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर दर्ज है, जो अभियोजन के सबूतों के चरण में है। इस मामले में कार्रवाई पर श्रीनगर एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज की ओर से स्टे दिया गया है। वर्तमान विधायक वहीद उर रहमान पर्रा के खिलाफ टाडा, पोटा, एनआईए कोर्ट में दर्ज मामला अभियोजन के सबूतों के चरण पर है। वर्तमान सांसद आगा रुहुल्ला पर श्रीनगर की स्पेशल जज एंटीकरप्शन कोर्ट में केस चल रहा है। यह आरोपों पर बहस के स्टेज पर है।