J&K: जम्मू बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, कुख्यात खौफ गैंग का हिस्ट्रीशीटर सहित तीन आरोपी फरार
जम्मू के आरएस पुरा बाल सुधार गृह से तीन आरोपी जिसमे दो पाकिस्तानी किशोर और हिस्ट्रीशीटर करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा पुलिस पर हमला करके फरार हो गया।
विस्तार
आरएस पुरा में बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था की कलई खुल गई है। यहां से तीन किशोर कैदी पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद फरार हो गए हैं। इनमें दो पाकिस्तानी किशोर और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा शामिल हैं। आरोपियों के फिल्मी अंदाज में फरार होने की घटना ने पुलिस व प्रशासनिक अमले को कठघरे में खड़ा कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार तीनों आरोपी 18 वर्ष की आयु सीमा पार कर चुके थे। कानूनन बालिग होने के बावजूद उन्हें अन्य जेल में स्थानांतरित नहीं किया गया था। फरार मुख्य आरोपी करणजीत सिंह निवासी दबलैड़ पुलिस रिकॉर्ड में एक हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ आरएस पुरा, अरनिया और नवाबाद थाने में कुल छह एफआईआर दर्ज हैं।
सूत्रों के अनुसार उसका सीधा संबंध कुख्यात खौफ गैंग से है। अप्रैल 2024 में मीरां साहिब में रेस्त्रांं और आरएस पुरा के चौहाल में फायरिंग की थी। इन वारदातों के पीछे खौफ गैंग का हाथ था। इस गैंग का सरगना विजयपुर विक्की सलाथिया उर्फ विक्की खौफ है। यही वह गैंग है जिस पर आरोप है कि जनवरी 2025 में ज्वेल चौक पर हुए चर्चित गटारू गैंग के सरगना सुमित जंडियाल की गोली मारकर हत्या की थी।
बाल सुधार गृह की सुरक्षा में चूक का यह मामला केवल लापरवाही तक सीमित नहीं है। बाल सुधार गृह की घटना के सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों के पास देसी कट्टा और तेजधार हथियार दिखाई दे रहे हैं। दो किशोर ड्यूटी पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल तानते और तेजधार हथियारों से हमला करते दिख रहे हैं। पुलिस को मौके से तेजधार हथियार भी मिले हैं।
बड़ा सवाल है कि कड़ी निगरानी वाले परिसर के भीतर तेजधार हथियार कैसे पहुंचे। घटना के बाद पुलिस ने पूरे शहर और सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, आला अधिकारियों ने विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
यह खबर भी पढ़ें: Jammu : बाल सुधार गृह में पुलिस पर हमला, दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत तीन फरार, छह पुलिसकर्मी निलंबित
बड़ा सवाल: बाल सुधार गृह में कैसे पहुंचा देसी कट्टा?
बाल सुधार गृह जैसे संवेदनशील और सुरक्षित स्थानों में देसी कट्टा और हथियार बरामद होने की घटना ने बड़ा सवाल खड़ा किया है आखिर बाल सुधार गृह में देसी कट्टा कैसे पहुंचा। इसका जवाब अभी पुलिस भी दे नहीं पा रही है। बाल सुधार गृह में राह से भटके हुए नाबालिगों को अपराध की दुनिया से निकालकर, उन्हें सुधारना और समाज की मुख्य धारा में वापस लाना होता है। वहीं जम्मू के आरएस पुरा स्थित बाल सुधार गृह जहां एक सुई तक ले जाना प्रतिबंधित होता है, वहां एक हथियार (देसी कट्टा) का पहुंचना सामान्य चूक नहीं, बल्कि सुरक्षा प्रणाली की विफलता है। यह घटना पुलिस की निगरानी और खुफिया तंत्र पर सीधे सवाल खड़े करती है।
सूत्रों के अनुसार, बाल सुधार गृह की पिछली दीवार लंबे समय से टूटी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा में इसी सेंध का फायदा उठाया गया और बाहर से यह देसी कट्टा और तेजधार हथियार परिसर के भीतर फेंके गए। यह टूटी दीवार सुरक्षा तंत्र की वह कमजोर कड़ी साबित हुई, जिसकी अनदेखी अब भारी पड़ी है। इसी कट्टे के दम पर आरोपियों ने न केवल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बंधक बनाने की कोशिश की, बल्कि सीसीटीवी फुटेज में वे बेखौफ होकर फायरिंग करते और हथियार लहराते हुए कैद हुए हैं।
बाल सुधार गृह से फरार पाकिस्तानी सना उल्लाह ने 2021 में की थी घुसपैठ
जम्मू के आरएस पुरा स्थित बाल सुधार गृह से दीवार फांदकर फरार हुए दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत तीन अपराधियों में मोहम्मद सना उल्लाह भी शामिल है। उसे वर्ष 2021 में राजोरी के केरी सेक्टर से एलओसी पर घुसपैठ करते हुए पकड़ा गया था। फरार मोहम्मद सना उल्लाह पुत्र मोहम्मद जफर को एक सितंबर 2021 की शाम को एलओसी के पास बीएसएफ और सेना के संयुक्त गश्ती दल ने गिरफ्तार किया था।
अधिक आयु होने पर पाकिस्तान के कैदियों को नहीं किया शिफ्ट
हमलावरों में दो पाकिस्तानी नागरिक हसन अनवर अली और मोहम्मद सना उल्लाह की आयु अधिक होने पर उन्हें यहां से शिफ्ट नहीं किया गया। पिछले चार वर्ष से दोनों बाल आश्रम में रह रहे थे। आए दिन वह वहां रहने वाले दूसरे बाल कैदियों को प्रताड़ित करने पर इसकी रिपोर्ट बाल आश्रम प्रबंधन की ओर से क्यों नहीं भेजी गई। वहीं दबलैड़ आरएस पुरा के निवासी करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा पर कई मामले दर्ज होने पर उस पर भी विशेष तौर नजर नहीं रखी गई। बाल गृह केंद्र के पीछे के रास्ते से भीतर देसी कट्टा भेजा गया होगा। तीनों भागने के बाद मुख्य गेट के बजाय पीछे के रास्ते से दबलैड़ आरएस पुरा मार्ग पर पहुंचे और बाइक छीनकर भागे।
संबंधित वीडियो