Jammu Kashmir: 'यूपी पर सांसद निधि बरसाने की वजह बताएं सांसद खटाना', कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस ने भाजपा के राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना पर सवाल उठाया कि जम्मू-कश्मीर की सांसद निधि का 94% हिस्सा क्यों उत्तर प्रदेश में खर्च किया गया।
विस्तार
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के राज्यसभा सांसद गुलामी अली खटाना बताएं कि यूपी पर सांसद निधि बरसाने की वजह क्या है। खटाना की निधि की जांच कराने के साथ ही भाजपा से भी स्पष्टीकरण मांगा है। प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने सोमवार को पार्टी कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें अमर उजाला में प्रकाशित खबर ‘गुलाम अली खटाना...राज्यसभा सांसद जम्मू-कश्मीर के, निधि बरसाई यूपी पर’ और ‘पीटी उषा, सदानंद मास्टर ने केरल व सुधा मूर्ति ने कर्नाटक के लिए की 100 फीसदी कामों की सिफारिश’ का हवाला देकर भाजपा को भी घेरा है।
शर्मा ने कहा, खुद को गरीबों और पिछड़े/एससी/एसटी वर्ग की सबसे बड़ी हितैषी बताने वाली भाजपा और उनके सांसद खटाना बताएं कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर के हिस्से की 94 फीसदी निधि हजारों किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश में खर्च की। शाहजहांपुर जिले में ही सर्वाधिक निधि क्यों खर्च की गई। काम कराने के लिए महज चार फर्म और उसमें भी आरएमके इंटरप्राइजेज को 46 फीसदी निधि क्यों दी गई।
150 काम पूर्ण पर एमपीलैड पोर्टल पर फोटो सिर्फ 12 कार्यों की ही क्यों
प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा और खटाना खुद को गुज्जर एवं बकरवाल समुदाय का सबसे बड़ा शुभचिंतक बताते हैं लेकिन उनके ही हिस्से की निधि दूसरे प्रदेश में खर्च की जी रही है। यह भी चिंताजनक है कि सांसद निधि से 150 काम पूर्ण हो चुके हैं लेकिन एमपीलैड पोर्टल पर फोटो सिर्फ 12 कार्यों की अपलोड की गई है। शेष कार्य हुए या नहीं इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। रविंद्र शर्मा ने कहा, मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएंगे।
विधायक रंधावा कब ध्वस्त करेंगे अपना अवैध अतिक्रमण
कांग्रेस प्रवक्ता रविंद्र शर्मा और वरिष्ठ नेत्री नम्रता ने बाहु विधानसभा से भाजपा विधायक विक्रम रंधावा पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, दूसरों पर उंगली उठाने वाले रंधावा ने खुद ही आठ कनाल भूमि पर अवैध कब्जा कर स्टोन क्रशर खोल रखा है। पूर्व में जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) उन्हें नोटिस भी दे चुकी है। अब विधायक बताएं कि वह खुद के अवैध अतिक्रमण को कब ध्वस्त करेंगे। कब उस पर बुलडोजर चलाएंगे? नम्रता ने कहा, विधायक ने पूर्व में भी कई प्रकरण में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसमें बाद में उन्हें बैकफुट पर आना पड़ा था। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि वह अवैध अतिक्रमण के मामले में तत्काल सख्ती बरतते हुए विधायक के कब्जे से भूमि मुक्त कराए। निर्माण पर बुलडोजर चलाए। जनता को जवाब दें।