जम्मू-कश्मीर के राज्य दर्जे पर सियासी घमासान: कांग्रेस और नेकां अलग राह पर, लोकभवन तक निकलेगी विरोध रैली
जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस 19 जुलाई को जम्मू में लोकभवन तक विरोध रैली निकालेगी, जिसमें प्रदेश नेतृत्व, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के सियासी मोर्चे पर नेशनल काॅन्फ्रेंस के दिल्ली में 20 जुलाई प्रदर्शन पर अभी असमंजस है किंतु कांग्रेस ने जम्मू की सड़कों पर अकेले ही हुंकार भरने का पूरा खाका तैयार कर लिया है। कांग्रेस ने 19 जुलाई को जम्मू में लोकभवन तक विरोध रैली और प्रदर्शन का एलान किया है।
केंद्र सरकार के खिलाफ सीधे मुकाबले का बिगुल फूंकते हुए कांग्रेस ने जम्मू में अपनी ताकत दिखाने की पूरी तैयारी कर ली है। इस प्रदर्शन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नवनिर्वाचित विधायक, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होने जा रहे हैं।
कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जम्मू में इकट्ठा होकर लोकभवन की तरफ कूच करेंगे। पार्टी का साफ कहना है कि जम्मू-कश्मीर की जनता को उनके लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार वापस दिलाने के लिए अब और इंतजार नहीं किया जा सकता।
नेशनल कॉन्फ्रेंस अभी मानसून सत्र के पहले जंतर-मंतर दिल्ली में 20 जुलाई को प्रदर्शन करने की तैयारी में जुुटी है। संभावित प्रदर्शन की कमान खुद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने संभाल रखी है। सफलता के लिए उन्होंने इसी माह में पहले श्रीनगर और फिर जम्मू में विशाल जनसभा भी की थी। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि इस बार आर-पार की लड़ाई होगी।
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए उन्होंने 50 से अधिक विपक्षी राजनीतिक दलों को पत्र भी लिखा था लेकिन अभी तक कितनों ने समर्थन दिया यह स्पष्ट नहीं हो सका। ताज्जुब की बात है कि सरकार को बाहर से समर्थन दे रही कांग्रेस ने भी उनसे दूरी बना रखी है। उसने भी स्पष्ट नहीं किया है कि वह प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होगी की नहीं।
अलबत्ता कांग्रेस नेे एनसी से अलग रास्ता अख्तियार कर लिया है। एनसी के 20 जुलाई को संभावित प्रदर्शन से पहले उसने 19 जुलाई को पार्टी मुख्यालय पर व्यापक प्रदर्शन के बाद जम्मू स्थित लोकभवन तक विरोध रैली निकालने की घोषणा कर दी है। कहा है कि रैली में पार्टी के प्रदेश एवं कार्यकारी अध्यक्ष, सभी विधायक और पदाधिकारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। उपराज्यपाल के जरिए प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।
एक लक्ष्य, बिखरी रणनीति
क्षेत्रीय बनाम राष्ट्रीय स्तर
कांग्रेस जहां जम्मू संभाग में अपनी खोई हुई सियासी जमीन को वापस पाने और स्थानीय जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए जम्मू को केंद्र बना रही है।
केंद्र पर दबाव की राजनीति
नेशनल कॉन्फ्रेंस इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उछालकर सीधे संसद के भीतर और बाहर केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति में है। इसके लिए दिल्ली के जंतर मंतर को केंद्र बनाने की कोशिश है।
कांग्रेस करीब दो साल से पूर्ण राज्य के दर्जे की मांग को लेकर प्रदेश में धरना-प्रदर्शन कर रही है। पूर्व में जंतर-मंतर दिल्ली में भी विशाल प्रदर्शन कर चुकी है। अब एक बार फिर केंद्र सरकार तक आवाज पहुंचाने के लिए 19 जुलाई को लोकभवन तक विरोध रैली निकालने के साथ ही प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें सभी दल आमंत्रित हैं। -रविंद्र शर्मा, मुख्य प्रवक्ता प्रदेश कांग्रेस