जम्मू-कश्मीर में खून जमा देने वाली ठंड: पहली बार सांबा का पारा शून्य से नीचे; शोपियां प्रदेश में सबसे ठंडा
जम्मू संभाग के सांबा में शनिवार की रात तापमान माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू संभाग में यह सबसे ठंडा रहा। माइनस 8.6 डिग्री के साथ लगातार दूसरे दिन भी शोपियां पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड का प्रकोप चरम पर पहुंच गया है। नववर्ष के इस दूसरे सप्ताह में मैदानी इलाकों से लेकर ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों तक तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जम्मू संभाग के सांबा में तापमान ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। यहां पारे ने पहली बार जमाव बिंदु से नीचे गोता लगाया और माइनस 0.7 डिग्री तक लुढ़क गया। वहीं, कश्मीर घाटी के शोपियां में पारा जमाव बिंदु से काफी नीचे गिरकर माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है।
सांबा जिले में ठंड ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। कृषि विज्ञान केंद्र सांबा के वैज्ञानिक डॉ. संजय खजूरिया ने मौसम विभाग के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि सांबा शहर में पहली बार तापमान शून्य से नीचे गया है। ये ऐतिहासिक रिकॉर्ड है।
मैदानी क्षेत्र होने के बावजूद सांबा का तापमान शून्य से नीचे जाना स्थानीय निवासियों के लिए अप्रत्याशित है। मोबाइल फोन पर हुई बातचीत में डाॅ. संजय ने बताया कि इससे पहले भीषण सर्दी में भी सांबा में पारा अक्सर एक से दो डिग्री के आसपास ही रहता था। कुछ बार ये शून्य डिग्री तक भी गया है लेकिन माइनस एक डिग्री के करीब पहली बार पहुंचा है। इस बार की शीतलहर ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।
उधर, कश्मीर में शोपियां ही नहीं, पूरी घाटी वर्तमान में चिल्ले कलां (40 दिनों की सबसे कठोर सर्दी) के प्रभाव में है। शनिवार की रात को शोपियां माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस के साथ पूरे जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान रात का पारा माइनस 5.1 डिग्री से माइनस 6.0 डिग्री सेल्सियस के बीच ठिठुर रहा है। शनिवार की रात को यहां पारा माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री पर आ गया है।
कश्मीर में जमने लगे डल के किनारे
अत्यधिक ठंड के कारण डल झील के किनारों समेत घाटी के कई अन्य जल निकायों पर बर्फ की परत जम गई है। नलों में पानी जमना शुरू होने से लोगों को सुबह के समय भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
अभी और गिरेगा तापमान
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अभी तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं। विभागीय अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में भी रात के तापमान में ज्यादा सुधार के आसार नहीं हैं और ठंड का असर बना रह सकता है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने के आसार हैं।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
पहलगाम -7.6
गुलमर्ग -6.2
पांपोर -5.5
सोपोर -7.7
अनंतनाग -7.1
बारामुला -6.1
पुलवामा -7.7
शोपियां -8.6
गांदरबल -5.0
सोनमर्ग -4.3
बनिहाल 7.1
बटोत 3.0
कटड़ा 4.4
भद्रवाह -2.0
कठुआ 4.2
उधमपुर 0.8
राजोरी -1.6
पुंछ 1.9
किश्तवाड़ 2.7
लेह -13.4
कारगिल -12.3
द्रास -24.5
तापमान डिग्री सेल्सियस में