{"_id":"69db32567bc5c0276c039773","slug":"farooq-ali-a-close-associate-of-lahu-gujjar-was-arrested-by-the-sog-2026-04-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"ड्रग्स और तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा: लाहू गुज्जर का खास सहयोगी गिरफ्तार, करीबी फारूक अली एसओजी के हत्थे चढ़ा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ड्रग्स और तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा: लाहू गुज्जर का खास सहयोगी गिरफ्तार, करीबी फारूक अली एसओजी के हत्थे चढ़ा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: Nikita Gupta
Updated Sun, 12 Apr 2026 11:19 AM IST
विज्ञापन
सार
जम्मू में एसओजी ने कुख्यात तस्कर लाहू गुज्जर के करीबी फारूक अली को खुफिया सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। पूछताछ में ड्रग्स और मवेशी तस्करी नेटवर्क तथा पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़े कई अहम खुलासों की उम्मीद है।
लाहू गुज्जर
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
कुख्यात नशा और मवेशी तस्कर लाहू गुज्जर के बड़े सिंडिकेट पर जम्मू पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। गुज्जर की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने उसके एक करीबी रिश्तेदार फारूक अली को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई गुज्जर से पूछताछ के बाद की गई है।
Trending Videos
जानकारी के अनुसार, शनिवार को एसओजी की एक विशेष टीम ने पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर बिश्नाह के पंडोरियां क्षेत्र के काला पुल इलाके में दबिश दी। इस गुप्त कार्रवाई के दौरान टीम ने फारूक अली को पकड़ लिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि फारूक सिर्फ एक रिश्तेदार ही नहीं है, बल्कि वह लाहू गुज्जर के नशे और मवेशी तस्करी के पूरे कारोबार को जमीन पर उतारने वाला मुख्य संचालक भी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
लाहू के भूमिगत होने पर नेटवर्क को सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी भी उसी की होती थी।
एसओजी उसे हिरासत में लेकर अब सख्ती से पूछताछ करेगी, जिससे कई राज खुलने की उम्मीद है। पुलिस लाहू गुज्जर की निशानदेही पर लगातार उसके ठिकाने पर दबिश दे रही है। बता दें कि लाहू गुज्जर पहले ही पुलिस की गिरफ्त में है और इस समय सात दिन की पुलिस रिमांड पर चल रहा है। मीरां साहिब पुलिस थाने में एजेंसियों द्वारा उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि लाहू गुज्जर के तार सीधे तौर पर पाकिस्तान में बैठे नशा तस्करों के साथ जुड़े हुए हैं।
अब एसओजी की टीम फारूक अली से सख्ती से पूछताछ कर रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस आने वाले दिनों में लाहू गुज्जर और फारूक अली का आमना-सामना करवाकर क्रॉस-इंटेरोगेशन कर सकती है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सीमा पार से हो रही ड्रग्स सप्लाई की चेन को तोड़ना और स्थानीय स्तर पर उनके मददगारों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाना है।