थप्पड़ का बदला बना खून: मोमोज विक्रेता की धारदार हथियार से हत्या, घर बुलाकर उतारा मौत के घाट
जम्मू के बाग-ए बाहु इलाके में मोमोज विक्रेता रतन बहादुर की पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोपी शिवा, जो पहले उसके साथ काम करता था उसने घर बुलाकर हमला किया।
विस्तार
बाग-ए बाहु के गोरखा नगर इलाके में शुक्रवार देर रात मोमोज की रेहड़ी लगाने वाले 40 वर्षीय रतन बहादुर उर्फ राजा पहाड़िया की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी है। पुरानी रंजिश और नशे का विरोध करने के चलते आरोपी को रतन से चिढ़ थी। योजना बनाकर शिवा ने अपने घर बुलाया और कुछ लोगों की मौजूदगी में रतन पर जानलेवा हमला किया जिसमें उसकी जान चली गई।
पुलिस ने आरोपी गोरखा नगर निवासी शिवा को गिरफ्तार किया है। बाग-ए बाहु पुलिस स्टेशन के एसएचओ अश्विनी कुमार ने बताया कि रतन के शरीर के निचले हिस्सों पर धारदार हथियार से कई वार के निशान हैं। आरोपी पहले रतन की मोमोज की दुकान पर ही काम करता था। मुख्य आरोपी को गुज्जर नगर से गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि रतन ने उसे थप्पड़ मारा। इसके बाद उसने तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
वारदात के बारे में सूचना मिलते ही रतन बहादुर के परिजन मौके पर पहुंचे। खून से लतपथ रतन जमीन पर बेसुध पड़ा था। आनन फानन उसे जीएमसी लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक नेे रतन को मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई दीपक कुमार ने बताया कि रतन अविवाहित था और मोमोज बनाने का काम करता था। शिवा को रतन नशे व गुंडागर्दी से दूर रहने की नसीहत देता था।
इसी बात को लेकर भी शिवा रंजिश रखता था। वारदात को अंजाम देने से पहले शिवा कुछ अन्य युवकों के साथ घर आया और रतन को बाहर बुलाया। शिवा के साथ आए युवकों ने रतन को जबरदस्ती घर से खींचकर मारपीट की और फिर धारदार हथियार से हमला कर वारदात को अंजाम दिया।
बाग-ए बाहु थाने के एसएचओ अश्विनी कुमार ने बताया कि रात करीब 10 बजे सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो देखा कि रतन के शरीर के निचले हिस्सों पर धारदार हथियार से कई वार किए गए हैं। इससे उसके शरीर से काफी खून बह गया और वह बेसुध हालत में पड़ा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
2014 में हुआ था जानलेवा हमला :
दीपक के अनुसार आरोपी शिवा ने साल 2014 में भी रतन पर जानलेवा हमला किया था। उस हमले में रतन बुरी तरह घायल हो गया था। तब उसे लुधियाना के डीएमसी लुधियाना ले जाना पड़ा था। बड़ी मुश्किल से इलाज में उसकी जान बच पाई थी। कोर्ट में केस भी चल रहा था। इसी दुश्मनी के चलते आरोपी मौके की तलाश में था।
कई बिंदुओं पर पुलिस कर रही जांच :
गोरखा नगर में मोमोज बिक्रेता की धारदार हथियार से वार करके हत्या की वारदात के बाद पुलिस कई बिंदुओं पर जांच शुरू की है। इसमें रंजिश का कारण और कोर्ट में चल रहे मामले को जांच का आधार बनाया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मुख्य हत्या आरोपी के साथ वारदात को अंजाम देने में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
पहले रतन के साथ मोमोज का काम करता था शिवा :
दीपक ने बताया कि रतन के साथ शिवा भी पहले मोमोज बनाने का काम करता था। इस बीच शिवा की संगत नशा बेचने वालों से हो गई और वह नशा बेचने के साथ गुंडागर्दी करने लगा। अक्सर शिवा को रतन नशे व गुंडागर्दी से दूर रहने की नसीहत देता था। इसी बात को लेकर शिवा रंजिश रखने लगा और शुक्रवार रात को मारपीट के बाद तेजधार हथियार से हमला कर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।