{"_id":"69ac264bbff88a8d8b056e8c","slug":"jammu-and-kashmir-rising-lpg-prices-raise-concerns-among-the-public-and-businesses-2026-03-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू-कश्मीर: एलपीजी के बढ़ते दामों से बढ़ी आम जनता और कारोबारियों की चिंता, मिशन स्टेट हुड ने निकाली रैली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जम्मू-कश्मीर: एलपीजी के बढ़ते दामों से बढ़ी आम जनता और कारोबारियों की चिंता, मिशन स्टेट हुड ने निकाली रैली
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: Nikita Gupta
Updated Sat, 07 Mar 2026 06:51 PM IST
विज्ञापन
सार
जम्मू-कश्मीर में एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल, रेस्तरां कारोबारियों और आम गृहिणियों पर वित्तीय दबाव बढ़ गया है। मिशन स्टेट हुड ने जानीपुर में रैली निकालकर दामों में वृद्धि के खिलाफ विरोध किया और सरकार से एलपीजी को जीएसटी के दायरे में लाने की मांग की।
LPG Gas
- फोटो : Adobe Stock
विज्ञापन
विस्तार
रसोई गैस (एलपीजी) के दाम बढ़ने से जम्मू-कश्मीर में होटल, ढाबा, रेस्तरां कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं पर असर पड़ा है। नई दरों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और व्यवसायिक सिलेंडर के दाम में लगभग 115-120 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे महंगाई की मार न केवल खाद्य उद्योग बल्कि घरों की रसोई तक भी पहुंची है।
Trending Videos
जम्मू होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि सरकार को इतनी जल्दी सिलेंडर के दाम बढ़ाने का फैसला नहीं लेना चाहिए था। उनका कहना है कि इससे खाद्य उद्योग में हाहाकार मच सकता है और कारोबारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। रेस्तरां मालिक अरुण ने बताया कि बढ़े हुए दाम प्रॉफिट मार्जिन पर असर डालेंगे, क्योंकि रोजाना खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ाना मुश्किल है और इससे ग्राहकों की संख्या प्रभावित होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
गृहिणियों ने भी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई। इंदु शर्मा ने कहा कि घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़ने से परिवार का बजट बिगड़ जाता है। उर्वशी ने बताया कि मार्च-अप्रैल के महीने में अन्य खर्चों के साथ यह बढ़ोतरी घर की आर्थिक स्थिति पर और दबाव डालती है।
इस बीच, मिशन स्टेट हुड के अध्यक्ष सुनील डिंपल ने जानीपुर हाईकोर्ट रोड पर रैली निकालकर रसोई गैस के दामों में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि सरकार बढ़े हुए दाम वापस ले और एलपीजी को जीएसटी के दायरे में लाए। इस मौके पर कई गणमान्य लोग और संगठन के सदस्य मौजूद थे।
रैली में सुनील डिंपल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात जैसे ईरान, अमेरिका और इस्राइल के बीच युद्ध का असर देश में दिखाई देने लगा है और इससे आम जनता और कारोबारियों को तुरंत राहत मिलनी चाहिए।