{"_id":"69cd781e5de4b888fc0e7106","slug":"jammu-attack-on-accused-persons-appearing-in-court-premises-2026-04-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jammu: कोर्ट परिसर में पेशी पर आए आरोपियों पर हमला, वकीलों से टकराव और हाथापाई; अफरातफरी में कई चोटिल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jammu: कोर्ट परिसर में पेशी पर आए आरोपियों पर हमला, वकीलों से टकराव और हाथापाई; अफरातफरी में कई चोटिल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 02 Apr 2026 01:25 AM IST
विज्ञापन
सार
अचानक हुए इस हमले से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमले में कुछ को चोटें भी आईं।
demo
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
वीडियो वायरल करके हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोपियों पर पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में ही हमला हो गया। ये आरोपी अंतरिम जमानत पर चल रहे थे और सुनवाई के लिए जानीपुर स्थित अदालत परिसर में शल मोबाइल मजिस्ट्रेट (पैसेंजर टैक्स) की कोर्ट में पेश होने पहुंचे थे। अचानक हुए इस हमले से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमले में कुछ को चोटें भी आईं।
Trending Videos
बीती सात मार्च को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसे हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश बताते हुए राष्ट्रीय बजरंग दल के अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने शिकायत की थी। उनकी शिकायत पर चार आरोपियों मोहम्मद आरिफ, शाहिद, यूनुस और इमरान के खिलाफ सतवारी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। चारों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत अपराध लगाए गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
इसके बाद आरोपियों के खिलाफ एक अन्य शिकायत युवा राजपूत सभा के दिलावर सिंह की ओर से दर्ज कराई गई थी। बुधवार सुबह ये आरोपी जमानत की शर्तों का पालन करते हुए स्पेशल मोबाइल मजिस्ट्रेट (पैसेंजर टैक्स) ज्योति भगत की अदालत में पेश होने जा रहे थे। इसी बीच कार में सवार होकर आए कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। वहां मौजूद वकीलों से भी वे भिड़ गए। उनमें जमकर हाथापाई हुई। बताया जाता है कि हमलावरों में से एक पिस्टल लेकर भी पहुंचा था।
अचानक हुए इस हमले से सभी सकते में थे। पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वकीलों ने फोन करके अपने सहयोगियों को भी मौके पर बुला लिया। इस बीच जानीपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ज्यादातर हमलावर भागने में कामयाब रहे। जानीपुर थाने के एसएचओ विक्रम शर्मा ने बताया कि सरफराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सरफराज हमलावरों में से एक बताया जा रहा है और व रियासी के पौनी का रहने वाला है। उधर, वकीलों ने वहां पहुंचने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। कहा कि वे पहले भी इस संबंध में सरकार को अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई मजबूत कदम नहीं उठाया गया।
घटना सुरक्षा में सेंध, वकीलों और जजों की सुरक्षा सुनिश्चित हो
सुबह जिस वक्त ये घटना घटी, मैं उस वक्त बार एसोसिएशन की ओर से कराए जा रहे टूर्नामेंट में था। फोन से घटना का पता चला। ये सुरक्षा में सेंध है। वकीलों और यहां तक कि जजों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। वैसे कोर्ट परिसर में कैमरे भी लगे हैं, लेकिन ये सारी जगहों को कवर नहीं करते। यहां की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एक पुख्ता कदम की जरूरत है।
-निर्मल कोतवाल, अध्यक्ष, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जम्मू
प्रिंसिपल सेशंस जज के सामने भी रखा मामला
यंग लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी रह चुके गगनदीप सिंह लकी ने बताया कि कुछ वकीलों ने सुरक्षा संबंधी मसले को प्रिंसिपल सेशंस जज के सामने भी उठाया। इससे पहले सरकार के सामने भी इस मामले को उठाया जा चुका है। सुरक्षा दुरुस्त किए जाने की जरूरत है।