श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात: शिवखोड़ी में विकास कार्यों की रफ्तार तेज, जल्द शुरू होगी हेलिकॉप्टर सेवा
शिवखोड़ी में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान संभागीय आयुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा जल्द शुरू करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू संभाग के संभागीय आयुक्त रमेश कुमारने रियासी जिले स्थित प्रसिद्ध शिवखोड़ी मंदिर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और तीर्थयात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए।
आयुक्त ने निर्देश दिया कि शिवखोड़ी धाम में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा को जल्द से जल्द शुरू किया जाए।
यह बैठक श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड की 13वीं बैठक के दौरान रांसू में आयोजित की गई, जिसमें बोर्ड के कामकाज, तीर्थयात्रियों की संख्या, वित्तीय स्थिति और चल रहे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में हेलिपैड टर्मिनल भवन के विकास कार्यों की स्थिति पर भी चर्चा हुई और लोक निर्माण विभाग को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही हेलिपैड क्षेत्र के आसपास भूमि समतलीकरण और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास पर भी जोर दिया गया।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हेलिपैड पर फायर सेफ्टी सहित सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि तीर्थ मार्ग पर बने पुलों की सुरक्षा ऑडिट कराई जाए ताकि किसी भी प्रकार के जोखिम से बचा जा सके।
इसके अलावा उन्होंने मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, दुकानों के लिए टेंडर प्रक्रिया तेज करने और हेलिकॉप्टर सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय कर सेवा शीघ्र शुरू करने पर भी जोर दिया।