Ranji Trophy Victory: रणजी चैंपियंस जम्मू-कश्मीर टीम पर धनवर्षा, बीसीसीआई पांच करोड़ तो जेकेसीए तीन करोड़ देगा
रणजी ट्रॉफी जीतने वाली जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम पर इनामों की बारिश हो गई है, जिसमें बीसीसीआई ने 5 करोड़ और जेकेसीए ने 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इससे पहले मुख्यमंत्री भी 2 करोड़ रुपये देने का ऐलान कर चुके हैं।
विस्तार
रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम करने वाली जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम पर धनवर्षा हुई है। टीम के खिलाड़ियों के लिए बीसीसीआई ने पांच करोड़ तो जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन ने तीन करोड़ नकद पुरस्कार की घोषणा की है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दो करोड़ रुपये का इनाम दिया है। अब तक टीम पर 10 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कारों की घोषणा हो चुकी है।
फाइनल मैच में कर्नाटक को उसकी जमीन पर धूल चटाने के बाद से ही जम्मू-कश्मीर में जश्न का माहौल है। खिलाड़ियों को सम्मानित करने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को जेकेसीए के हॉस्टल ग्राउंड में समारोह हुआ। इसमें बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने विजेता टीम का हौसला बढ़ाते हुए पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसी मंच से जेकेसीए ने भी टीम को तीन करोड़ रुपये देने का एलान किया। मिथुन मन्हास ने कहा, इस टीम ने साबित कर दिया है कि उसमें बड़ी से बड़ी टीम को उसी के घर में जाकर हराने का माद्दा है। ये जीत जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के लिए एक नई उम्मीद की किरण है।
समारोह में टीम के खिलाड़ियों ने ट्राॅफी के साथ जमकर डांस भी किया। इसमें शहर के प्रबुद्ध लोग भी पहुंचे थे। सभी ने खिलाड़ियों के ऐतिहासिक प्रदर्शन की प्रशंसा की और इसे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।