झारखंड: गिरिडीह में एसपी के घर चोरी, खाली घर का फायदा उठा कर दिया अपराध को अंजाम
चोरों ने करीब एक लाख की संपत्ति पर हाथ साफ किया। जिसमें 20 हजार नकद, एक अंगूठी के साथ एक घड़ी शामिल है।

विस्तार
चोरों की हिमाकत का बेशक कोई जवाब नहीं है। आम जनता तो छोड़िए अब तो पुलिस के घर भी सुरक्षित नहीं है। ताजा मामले में रविवार को झारखंड के गिरिडीह में तैनात एसपी अमित रेनू के देवघर स्थित घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। जानकारी के मुताबिक, एसपी के पिता व पूरा परिवार देवघर के नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया मोहल्ले स्थित घर में रहते हैं जबकि अमित रेनू स्वयं गिरिडीह में रहते हैं।

एक लाख की संपत्ति पर हाथ साफ किया
पुलिस के अनुसार, चोरों ने करीब एक लाख की संपत्ति पर हाथ साफ किया है। जिसमें 20 हजार नकद, एक अंगूठी के साथ एक घड़ी शामिल है। जानकारी मिलते ही देवघर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।
खाली घर का फायदा उठाया
पुलिस जानकारी के अनुसार, एसपी के पिता समेत पूरा परिवार देवघर के दूसरे घर में रहते हैं। बताया जा रहा है कि ये घर पिछले 10 दिनों से बंद था। लिहाजा, खाली घर का फायदा उठाकर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है।
पूछताछ में जुटी पुलिस
चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर रही है, ताकि इस घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जा सके। कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।