Jharkhand: राष्ट्रीय थांग-ता मंच पर झारखंड की चुनौती, 16 सदस्यीय टीम गुवाहाटी रवाना
झारखंड थांग-ता संघ की 16 सदस्यीय टीम 31वीं राष्ट्रीय जूनियर थांग-ता चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए गुवाहाटी रवाना हो गई है। टीम का नेतृत्व कोच सोनामोती कुमारी और रामस्वरूप हेम्ब्रम कर रहे हैं।
विस्तार
31वीं राष्ट्रीय जूनियर थांग-ता चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए झारखंड थांग-ता संघ की 16 सदस्यीय टीम शनिवार को गुवाहाटी के लिए रवाना हो गई। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम से राज्य को बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतने की पूरी उम्मीद है।
टीम का नेतृत्व पलामू की अनुभवी कोच सोनामोती कुमारी और रांची के कोच रामस्वरूप हेम्ब्रम कर रहे हैं। दोनों कोचों की देखरेख में खिलाड़ी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं। टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों का चयन हाल ही में धनबाद में आयोजित 10वीं झारखंड राज्य थांग-ता चैंपियनशिप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही, जिससे योग्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
ये भी पढ़ें- Jharkhand News: झारखंड हाईकोर्ट को मिलेगा नया मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस एम.एस. सोनक संभालेंगे कमान
टीम में रांची से सम्भवि दक्ष, कौशिकी सिंह, आकांक्षा राज और पृशा पांडे शामिल हैं। पलामू से शमी कुमारी और रेहान कादरी का चयन हुआ है। वहीं धनबाद से संचिता मुखर्जी, श्रेया प्रसाद रजक और कशिश कुमारी के साथ-साथ प्रिंस राज, सक्षम कुमार, अमन कुमार, रवि साव और जनार्दन गोप भी टीम का हिस्सा हैं।
राष्ट्रीय जूनियर थांग-ता चैंपियनशिप का आयोजन 22 से 24 दिसंबर तक गुवाहाटी के कर्मवीर नवीन चंद्र बोर्डोलोई इंडोर स्टेडियम, सरुसजाई में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेंगी, जिससे मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है। झारखंड थांग-ता संघ के पदाधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने कठिन अभ्यास किया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि वे राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगे।