{"_id":"69b11842e066badfa40368b6","slug":"bjp-mlas-protested-inside-and-outside-the-house-against-the-ban-on-playing-dj-music-during-the-ram-navami-procession-the-ruling-party-said-this-was-a-court-order-ranchi-news-c-1-1-noi1475-4036671-2026-03-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jharkhand: रामनवमी में DJ बैन पर झारखंड विधानसभा में बवाल, विधानसभा में भिड़े सत्ता और विपक्ष के विधायक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jharkhand: रामनवमी में DJ बैन पर झारखंड विधानसभा में बवाल, विधानसभा में भिड़े सत्ता और विपक्ष के विधायक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: राँची ब्यूरो
Updated Wed, 11 Mar 2026 01:43 PM IST
विज्ञापन
सार
Jharkhand: झारखंड में रामनवमी जुलूस में डीजे बजाने पर प्रतिबंध को लेकर विधानसभा में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्ष ने इसे हिंदू आस्था से जुड़ा मुद्दा बताया, जबकि सरकार ने कहा कि यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन है।
विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करते बीजेपी विधायक
विज्ञापन
विस्तार
झारखंड में रामनवमी जुलूस में चलंत डीजे बजाने पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने विधानसभा के बाहर और अंदर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं सत्ता पक्ष ने स्पष्ट किया कि यह फैसला सरकार का नहीं बल्कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन है।
Trending Videos
'फैसले को वापस ले सरकार'
भाजपा विधायक रोशनलाल ने सरकार पर हिंदू त्योहारों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रामनवमी करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा पर्व है। ऐसे में जुलूस में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाना हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस फैसले को तुरंत वापस ले। भाजपा विधायकों का कहना है कि जब भी हिंदू त्योहार आते हैं, तब सरकार तुष्टिकरण की राजनीति करने लगती है। उनके अनुसार खासकर हजारीबाग की रामनवमी पूरे देश में अपनी भव्यता के लिए जानी जाती है, जहां कई दिनों तक जुलूस, अखाड़े और धार्मिक आयोजन होते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
'क्या हिंदुओं को धर्म परिवर्तन करना पड़ेगा'
विपक्ष का विरोध केवल विधानसभा परिसर तक सीमित नहीं रहा। जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, भाजपा विधायक अंदर भी नारेबाजी करते नजर आए। इस दौरान भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि अगर रामनवमी में डीजे नहीं बजेगा तो क्या हिंदुओं को धर्म परिवर्तन करना पड़ेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हिंदू त्योहारों के दौरान ही पाबंदियां लगाती है और हजारीबाग में प्रशासन लोगों को धमकाता है।
'कोर्ट के आदेश का पालन कर रही सरकार'
वहीं सत्ता पक्ष ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार केवल न्यायालय के निर्देशों का पालन कर रही है। कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि अदालत के निर्देश के अनुसार रात 10 बजे के बाद तेज ध्वनि वाले डीजे और लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति नहीं है, इसलिए प्रशासन उसी नियम का पालन करा रहा है।
ये भी पढ़ें: साइकिल से विधानसभा पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, भाजपा पर साधा निशाना
यह किसी धर्म विशेष का मामला नहीं
इस मुद्दे पर संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने भी सदन में स्पष्ट किया कि यह किसी धर्म विशेष का मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश के अनुसार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक तेज ध्वनि वाले म्यूजिक सिस्टम पर प्रतिबंध है और सरकार उसी नियम का पालन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा उठाकर समाज का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है। रामनवमी जैसे आस्था के पर्व पर डीजे प्रतिबंध को लेकर झारखंड में विवाद अब राजनीतिक टकराव का रूप लेता दिख रहा है। सड़क से लेकर सदन तक गूंज रहे नारों के बीच यह मुद्दा फिलहाल शांत होता नजर नहीं आ रहा है।