Jharkhand News: पैतृक गांव नेमरा पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, ‘बाहा पर्व’ में शामिल होकर की पूजा-अर्चना
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सपरिवार अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे और पारंपरिक ‘बाहा पर्व’ में शामिल होकर जाहेर थान में पूजा-अर्चना की। उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
विस्तार
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सपरिवार अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे, जहां उन्होंने पारंपरिक ‘बाहा पर्व’ में श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ नेमरा स्थित जाहेर थान पहुंचकर पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य के लोगों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।
परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना का अनुष्ठान गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू तथा कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने संपन्न कराया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने निवास स्थान से ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए जाहेर थान पहुंचे, जहां पूरे पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ ‘बाहा पूजा’ का आयोजन किया गया।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मुख्यमंत्री ‘बाहा पर्व’ में शामिल होने अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नेमरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए जुलूस की शक्ल में मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी मांदर बजाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग काफी आनंदित नजर आए।
ये भी पढ़ें- Bihar Politics LIVE: अमित शाह बोले- स्वर्णिम रहा CM नीतीश का कार्यकाल; और किस दिग्गज ने क्या कहा?
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी उनके साथ मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं। उनके आगमन की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा राज्य में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।