Jharkhand News: राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों से की बात: बोले- छात्रों के साथ हूं, मदद का दिया भरोसा
झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फोन पर बातचीत की। छात्रों ने परीक्षा रद्द करने, निष्पक्ष जांच और भर्ती सुधार की मांग रखी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को फोन पर बातचीत की। इस दौरान छात्रों ने परीक्षा रद्द करने, निष्पक्ष जांच और भर्ती प्रणाली में सुधार की मांग रखी। राहुल गांधी ने छात्रों को उनकी मांगों पर समर्थन का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे इस मुद्दे को सरकार के समक्ष उठाएंगे।
राहुल गांधी ने छात्रों को दिया समर्थन का भरोसा
छात्र नेता पीयूष कुमार ने बताया कि हमने राहुल गांधी को अपनी मांगों से अवगत कराया। हमने कहा कि परीक्षा रद्द की जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार किए जाएं। उन्होंने कहा कि वह हमारी मांगों के साथ हैं और इसे सरकार के सामने उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वह छात्रों के समर्थन में खड़े हैं। हालांकि, सरकार के साथ प्रस्तावित बैठक की तारीख और समय को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
रविंद्र पासवान बोले- सरकार की भी जिम्मेदारी
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने बताया कि राहुल गांधी ने फोन पर सबसे पहले आंदोलन की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली। हमने उन्हें परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की जानकारी दी और कहा कि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार है, इसलिए छात्रों की मांगों पर कार्रवाई करना उनकी भी जिम्मेदारी है। पासवान के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा कि वह छात्रों के साथ हैं और उनसे अपनी सभी मांगें लिखित रूप में भेजने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह हरसंभव प्रयास करेंगे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अगले दिन छात्रों से बातचीत करेंगे। हमने उनसे कहा कि हमारी मांगें पूरी तरह जायज हैं और गठबंधन सरकार होने के नाते इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को गंभीरता से उठाएंगे।
कांग्रेस बोली- छात्रों की आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे
रांची जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा ने कहा कि राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर स्पष्ट किया है कि कांग्रेस आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को उचित मंच तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। राहुल गांधी स्वयं छात्रों से बात करना चाहते थे ताकि उन्हें यह भरोसा दिलाया जा सके कि उनकी समस्याओं से वह पूरी तरह अवगत हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल रविवार को भी छात्रों से मिलने पहुंचा था और उन्हें भरोसा दिलाया था कि उनकी मांगों को जल्द सरकार के समक्ष रखा जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी इस मुद्दे पर सकारात्मक और गंभीर चर्चा हुई है। कुमार राजा ने कहा कि छात्रों ने अपना प्रतिनिधिमंडल चुन लिया है। अब जरूरत केवल इस बात की है कि कुछ ऐसे लोगों से दूरी बनाई जाए जो दूसरे राजनीतिक दलों से जुड़े होकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और छात्रों के बीच सकारात्मक बातचीत होगी और इसका अच्छा परिणाम निकलेगा। साथ ही भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा न बनें, इसके लिए बेहतर व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।