Jharkhand: श्रावणी मेले में मिलावट पर बड़ा वार! 68.5 किलो नकली पेड़ा और 11 किलो छोला नष्ट, फैक्ट्री पर ताला
श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को लक्ष्मी चौक, शिवगंगा और आसपास के क्षेत्रों में पेड़ा भंडार, भोजनालयों और स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन के पवित्र महीने में देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार को लक्ष्मी चौक, शिवगंगा और आसपास के इलाकों में पेड़ा भंडार, भोजनालयों और स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छता पाए जाने पर कुल 68.5 किलो मिलावटी पेड़ा और 11 किलो छोला नष्ट कराया गया। वहीं, बिना वैध FSSAI लाइसेंस के संचालित एक इलायची फैक्ट्री को तत्काल बंद करने का निर्देश दिया गया।
मिलावट और स्वच्छता की जांच, कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, संभावित मिलावट, साफ-सफाई और FSSAI लाइसेंस की जांच की। रितेश कुमार के प्रतिष्ठान पर मेटानिल येलो रंग की मौजूदगी पाए जाने पर करीब 8 किलो छोला नष्ट कराया गया। वहीं, प्रिया चाट के यहां 3 किलो छोला नष्ट कराया गया। विशाल चाट बर्गर के प्रतिष्ठान पर करीब 2 लीटर चटनी भी नष्ट कराई गई। अधिकारियों ने संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
पेड़ा में स्टार्च मिलने पर 68.5 किलो पेड़ा नष्ट
जांच के दौरान कई पेड़ा दुकानों में भी मिलावट की शिकायत सामने आई। अजीत कुमार के प्रतिष्ठान पर पेड़ा में स्टार्च की मौजूदगी पाए जाने के बाद 6 किलो पेड़ा नष्ट कराया गया। इसके अलावा शिवम पेड़ा भंडार से 10 किलो, धीरज कुमार के महादेव पेड़ा भंडार से 21 किलो, बाबा पेड़ा भंडार से 10 किलो, शिवम कुमार के महादेव पेड़ा प्रतिष्ठान से 9 किलो, पंकज पोद्दार के प्रतिष्ठान से 10.5 किलो और श्री गंगा साह पेड़ा भंडार से 2 किलो मिलावटी पेड़ा नष्ट कराया गया।
पेड़ा और खोया के नमूने जांच के लिए भेजे गए
महावीर पेड़ा भंडार से पेड़ा और खोया के नमूने जांच के लिए लिए गए। प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सामग्री का उचित भंडारण करने और सामग्री को दीवार से कम से कम 12 इंच की दूरी पर रखने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा टीम ने कई अन्य पेड़ा भंडार, होटल और भोजनालयों का भी निरीक्षण किया और संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
बिना लाइसेंस चल रही इलायची फैक्ट्री पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान संजीव बलियासे इलायची फैक्ट्री में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं। प्रतिष्ठान संचालक वैध FSSAI लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सका। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रतिष्ठान का संचालन बंद करने का निर्देश दिया।
संचालक को साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, एग्जॉस्ट सिस्टम और आवश्यक लाइसेंस से जुड़ी कमियों को दूर करने के बाद ही दोबारा संचालन शुरू करने को कहा गया।
श्रावणी मेले तक जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेले के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट, अस्वच्छता और बिना वैध FSSAI लाइसेंस के खाद्य कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।