BTC Vacancy 2026: बीटीसी में फॉरेस्टर और फॉरेस्ट गार्ड के 157 पदों पर भर्ती, 12वीं पास भी कर सकते हैं आवेदन
BTC Recruitment 2026: बीटीसी ने फॉरेस्टर-I और फॉरेस्ट गार्ड के कुल 157 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। स्नातक योग्यता रखने वाले पात्र उम्मीदवार निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सरकारी नौकरी पाने का अवसर हासिल कर सकते हैं।
विस्तार
BTC Recruitment 2026: बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (BTC), कोकराझार के केंद्रीय चयन बोर्ड (सीएसबी) ने वनपाल-I और वन रक्षक (श्रेणी III) पदों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की है। बीटीसी वन विभाग के अंतर्गत कुल 157 रिक्तियां भरी जाएंगी।
इन पदों के लिए असम के बीटीसी क्षेत्र के स्थायी निवासी और राज्य के रोजगार कार्यालय में पंजीकृत पात्र अभ्यर्थी 15 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
आवेदन के लिए योग्यता
- फॉरेस्टर-I पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में न्यूनतम स्नातक डिग्री या समकक्ष योग्यता होना अनिवार्य है।
- वन रक्षक (Forest Guard) पद के लिए अभ्यर्थी का उच्च माध्यमिक (10+2) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
- आयु सीमा 1 जनवरी 2026 तक उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
- आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी। अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को 5 वर्ष तथा ओबीसी/एमओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 3 वर्ष की आयु छूट मिलेगी।
चार चरणों में होगा चयन
चयन प्रक्रिया बहु-स्तरीय होगी। सबसे पहले शारीरिक फिटनेस परीक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें पुरुष उम्मीदवारों को 26 किलोमीटर और महिला उम्मीदवारों को 16 किलोमीटर की पैदल दूरी 4 घंटे के भीतर पूरी करनी होगी।
इसके बाद 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ (MCQ) लिखित परीक्षा होगी, जिसकी अवधि 3 घंटे निर्धारित है। इस परीक्षा में नकारात्मक अंकन नहीं किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को 20 अंकों की मौखिक परीक्षा (साक्षात्कार) के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चरण में उम्मीदवारों को चिकित्सा परीक्षण से गुजरना होगा, जिसमें दृष्टि मानकों सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जांच की जाएगी।
कितना लगेगा रजिस्ट्रेशन फीस
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। शुल्क का भुगतान यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से किया जा सकता है।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और एमओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 150 रुपये निर्धारित किए गए हैं, जबकि एसटी और एससी वर्ग के अभ्यर्थियों को 100 रुपये का शुल्क देना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन प्रक्रिया पूरी करने से पहले भुगतान से संबंधित सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।