Agniveer Recruitment: भारतीय सेना ने जारी की अग्निवीर भर्ती रैली की अधिसूचना, यहां करना होगा आवेदन
Agniveer Recruitment: भर्ती में शामिल होने के लिए सभी उम्मीदवारों को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
देश की रक्षा के लिए समर्पित होने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय सेना ने अग्निपथ योजना (Agnipath Scheme) के तहत अग्निवीर (Agniveer) भर्ती रैली के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस नोटिफिकेशन में भर्ती रैली के लिए सभी जरूरी जानकारी दी गई है। भर्ती में शामिल होने के लिए सभी उम्मीदवारों को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट JOININDIANARMY.NIC.IN पर जाकर अपना आवेदन कर सकेंगे।
जुलाई से शुरू होंगे पंजीयन-:
भारतीय सेना ने जारी की गई अधिसूचना में जानकारी दी है कि अग्निवीर भर्ती रैली के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया जुलाई, 2022 से शुरू कर दी जाएगी। यह रैली इन पदों के लिए होगी-:
- अग्निवीर जनरल ड्यूटी
- अग्निवीर तकनीकी
- अग्निवीर तकनीकी (विमानन/गोला-बारूद परीक्षक)
- अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी
- अग्निवीर ट्रेड्समैन 10वीं पास
- अग्निवीर ट्रेड्समैन 8वीं पास
कितना होगा वेतन-:
भारतीय सेना की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन के अनुसार अग्निवीर के पदों पर चयनित उम्मीदवारों को पहले साल 30,000, दूसरे वर्ष 33,000, तीसरे वर्ष 36,500 और चौथे वर्ष 40,000 रुपये प्रतिमाह वेतन और भत्ते दिए जाएंगे। इसके साथ ही सेवा मुक्ति के समय सेवा निधि भी दी जाएगी।
नियम और शर्तें-:
- अग्निवीरों को सेना अधिनियम 1950 के तहत 4 वर्ष की सेवा अवधि के लिए नामांकित किया जाएगा।
- आवेदकों की आयुसीमा 17.5 वर्ष से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- अग्निवीरों को आदेश के अनुसार थल, जल और वायु कहीं भी भेजा जा सकेगा।
- नामांकित अग्निवीर किसी भी तरह की पेंशन या ग्रेच्युटी के पात्र नहीं होंगे।
- 4 साल की सर्विस में हर साल 30 दिनों की छुट्टी मिलेगी।
- अग्निवीरों को चार वर्ष की सेवा पूरी होने पर सेवामुक्त कर दिया जाएगा।
- सेवामुक्ति के समय उन्हें सेवा नीधि दी जाएगी।
क्या है जरूरी योग्यताएं-:
- जनरल ड्यूटी के लिए उम्मीदवारों के पास में 45 फीसदी अंकों के साथ में 10वीं पास की योग्यता होनी चाहिए।
- अग्निवीर तकनीकी (विमानन/गोला-बारूदपरीक्षक) के लिए फिजिक्स, केमेस्ट्री, मैथ्स और इंग्लिश सब्जेक्ट में 50 फीसदी अंकों के साथ में 12वीं पास।
- क्लर्क/ स्टोरकीपर पदों के लिए 60 फीसदी अंकों के साथ 12वीं पास की योग्यता। अंग्रेजी और गणित में 50 फीसदी अंक जरूरी।
- ट्रेड्समैन के लिए 10वीं और 8वीं पास उम्मीदवारों की अलग-अलग भर्ती होगी। आवेदक के सभी विषयों में 33 फीसदी अंक होने चाहिए।
सेवा की समाप्ति के बाद उम्मीदवारों को अग्निवीर स्किल सर्टिफिकेट, कक्षा 12वीं के समकक्ष योग्यता (10वीं पास को) का प्रमाणपत्र और सेवा निधि पैकेज मिलेगा।
डायरेक्ट नोटिफिकेशन देखने के लिए यहां क्लिक करें- Agniveer Recruitment Pdf