RPSC RAS 2024 Final Result: आरएएस भर्ती का फाइनल रिजल्ट आज संभव, साक्षात्कार प्रक्रिया अंतिम चरण में
RPSC RAS 2024 Final Result: राजस्थान लोक सेवा आयोग आरएएस 2024 भर्ती का फाइनल परिणाम किसी भी समय जारी कर सकता है। साक्षात्कार प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। परिणाम आज जारी होने की पूरी-पूरी संभावना है।
विस्तार
RPSC RAS 2024 Final Result: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित आरएएस भर्ती 2024 का फाइनल रिजल्ट आज जारी होने की संभावना जताई जा रही है। आयोग की ओर से साक्षात्कार प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और आज 9वें चरण के इंटरव्यू के साथ पूरी प्रक्रिया सम्पन्न हो जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को लंबे इंतजार के बाद आज बड़ी खुशखबरी मिल सकती है।
1 अप्रैल से शुरू हुआ था साक्षात्कार चरण
जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से शुरू हुए साक्षात्कार के 9वें चरण की प्रक्रिया आज समाप्त हो जाएगी। इससे पहले साक्षात्कार का प्रथम चरण 1 दिसम्बर 2025 से शुरू हुआ था। पिछले कई महीनों से चरणबद्ध तरीके से इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे थे, जिनमें हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया। अब अंतिम चरण के इंटरव्यू पूरे होने के साथ ही आयोग रिजल्ट तैयार करने की अंतिम प्रक्रिया में जुट गया है।
इस भर्ती के तहत कुल 1096 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिनमें 428 पद राज्य सेवा के और 668 पद अधीनस्थ सेवाओं के शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को राजस्थान प्रशासनिक सेवा समेत विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
रिजल्ट जारी करने की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
आरपीएससी की इस भर्ती को लेकर प्रदेशभर के अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उम्मीदवार लंबे समय से फाइनल रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे, जो अब खत्म होने की कगार पर है। माना जा रहा है कि इंटरव्यू प्रक्रिया समाप्त होने के तुरंत बाद आयोग मेरिट सूची जारी कर सकता है।
हालांकि, आयोग की ओर से रिजल्ट जारी करने को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक आज ही परिणाम घोषित होने की पूरी संभावना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आरपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें ताकि रिजल्ट जारी होते ही वे तुरंत उसे देख सकें।
फाइनल रिजल्ट जारी होने के साथ ही प्रदेश को नए आरएएस अधिकारियों की सौगात मिलेगी, जो प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
