HCL Executive 2026: हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड में 70 पदों पर भर्ती, मैनेजर और डेप्यूटी मैनेजर बनने का मौका
HCL Executive Recruitment 2026: हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड ने 2025-26 के लिए एग्जीक्यूटिव पदों पर भर्ती निकाली है। आवेदन 5 जून से 25 जून 2026 तक होंगे। चयन इंटरव्यू के आधार पर होगा। उम्मीदवार एचसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
HCL Executive Recruitment 2026: भारत सरकार के अधीन ‘मिनीरत्न श्रेणी-I’ सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) ने वर्ष 2025-26 के लिए विभिन्न कार्यकारी (Executive) पदों पर भर्ती की घोषणा की है। कंपनी ने माइनिंग, इंजीनियरिंग, फाइनेंस, एचआर सहित कई विभागों में कुल 70 रिक्त पदों को भरने के लिए योग्य भारतीय नागरिकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड देश की प्रमुख कॉपर उत्पादक कंपनियों में शामिल है और यह खनन से लेकर धातु उत्पादन तक की गतिविधियों में कार्यरत है। जारी अधिसूचना के अनुसार भर्ती प्रक्रिया अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति भारत या विदेश में कंपनी की किसी भी इकाई में की जा सकती है।
तीन ग्रेड में होगी भर्ती
भर्ती प्रक्रिया के तहत पदों को तीन अलग-अलग ग्रेड में विभाजित किया गया है। इनमें ई2 ग्रेड के तहत डेप्यूटी मैनेजर के 38 पद, ई3 ग्रेड में मैनेजर के 16 पद और ई4 ग्रेड में सीनियर मैनेजर के 16 पद शामिल हैं। विभागवार रिक्तियों की बात करें तो सबसे अधिक पद माइनिंग विभाग में हैं।
इसके अलावा इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, फाइनेंस, जियोलॉजी, एचआर, सेफ्टी एवं फायर सर्विसेज और मेडिकल एवं हेल्थ सर्विसेज विभागों में भी नियुक्तियां की जाएंगी। कंपनी ने सिविल, सिस्टम्स, एनवायरनमेंट मैनेजमेंट और मटेरियल एंड कॉन्ट्रैक्ट्स से जुड़े पदों के लिए भी आवेदन मांगे हैं।
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 जून 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। उम्मीदवार 25 जून 2026 की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों की आयु, अनुभव और शैक्षणिक योग्यता की गणना 1 मई 2026 को आधार मानकर की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले अपनी पात्रता की जांच करने की सलाह दी गई है।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में इंजीनियरिंग डिग्री (B.E./B.Tech), एमबीबीएस, सीए/आईसीडब्ल्यूए या पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होना अनिवार्य है।
ग्रेड के अनुसार अनुभव और आयु सीमा भी तय की गई है। E4 ग्रेड यानी सीनियर मैनेजर पद के लिए अधिकतम आयु 47 वर्ष और न्यूनतम 9 वर्ष का अनुभव मांगा गया है। ई3 ग्रेड मैनेजर पद के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष और कम से कम 6 वर्ष का अनुभव आवश्यक है। वहीं ई2 ग्रेड डेप्यूटी मैनेजर पद के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष और न्यूनतम 3 वर्ष का अनुभव निर्धारित किया गया है।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी। एससी/एसटी उम्मीदवारों को 5 वर्ष, ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष तथा पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों को श्रेणी के अनुसार 10 से 15 वर्ष तक की छूट प्रदान की जाएगी।
आकर्षक वेतनमान और सुविधाएं
चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतनमान के साथ कई अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। कंपनी की ओर से बेसिक पे, औद्योगिक महंगाई भत्ता (IDA), परक्स और अन्य कल्याणकारी लाभ दिए जाएंगे।
- ई4 ग्रेड के कर्मचारियों को 70,000 रुपये से 2,00,000 रुपये तक का वेतनमान मिलेगा। माइनिंग क्षेत्र के लिए इसका अनुमानित वार्षिक सीटीएस करीब 24.64 रुपये लाख बताया गया है।
- ई3 ग्रेड के लिए वेतनमान 60,000 से 1,80,000 रुपये तक निर्धारित किया गया है, जबकि अनुमानित वार्षिक सीटीएस लगभग 21.20 रुपये लाख होगा।
- इसी तरह ई2 ग्रेड के लिए 50,000 से 1,60,000 रुपये तक का वेतनमान तय किया गया है और अनुमानित वार्षिक सीटीएस करीब 17.76 रुपये लाख रहेगा।
इंटरव्यू के आधार पर होगा चयन
हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड ने बताया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह व्यक्तिगत साक्षात्कार (Personal Interview) पर आधारित होगी। इंटरव्यू का वेटेज 100 प्रतिशत रखा गया है।
यदि आवेदन अधिक संख्या में प्राप्त होते हैं तो उम्मीदवारों को 1:5 के अनुपात में इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। कंपनी के अनुसार अतिरिक्त अनुभव और उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्टिंग के दौरान अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।
आवेदन शुल्क और सर्विस बॉन्ड
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एसटी/एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और आंतरिक उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
भर्ती अधिसूचना के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को कम से कम तीन वर्ष तक सेवा देनी होगी। निर्धारित अवधि से पहले नौकरी छोड़ने की स्थिति में उम्मीदवारों को 3 लाख रुपये का सर्विस बॉन्ड भरना होगा।
आधिकारिक नोटिस देखें...
ऐसे करें आवेदन
- हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट hindustancopper.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- आवेदन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को अपनी पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और सभी आवश्यक शैक्षणिक एवं अनुभव प्रमाण पत्र स्कैन करके अपलोड करने होंगे।
- कंपनी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन पत्र भरने से पहले अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
- भर्ती से जुड़े किसी भी विवाद की स्थिति में कानूनी अधिकार क्षेत्र केवल कोलकाता होगा।