Mango Pickle Recipe: प्री-मानसून ने बिगाड़ा अचार का प्लान? बिना धूप ऐसे बनाएं सालभर चलने वाला आम का अचार
aam ka achar banane ki vidhi: आपके मन में सवाल है कि क्या बिना धूप के आम का अचार बनाया जा सकता है? इसका जवाब है, हां, बिना धूप के भी स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाला आम का अचार बनाया जा सकता है। इसके लिए कच्चे आम को अच्छी तरह सुखाकर सरसों का तेल, नमक और मसालों के साथ मिलाएं। अचार को एयरटाइट कांच के जार में भरकर कमरे के तापमान पर 5-7 दिनों तक रखें। सही मात्रा में तेल और नमक अचार को खराब होने से बचाते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Aam Ka Achar Kaise Banaye: गर्मियों का मौसम आते ही घरों में आम के अचार की खुशबू फैलने लगती है। हर साल लोग कच्चे आम खरीदकर अचार बनाते हैं ताकि पूरे साल खाने का स्वाद दोगुना बना रहे। आमतौर पर अचार बनाने के लिए तेज धूप को जरूरी माना जाता है, क्योंकि धूप की मदद से अचार जल्दी पकता है और लंबे समय तक सुरक्षित रहता है। लेकिन इस बार मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जून के महीने में ही कई इलाकों में प्री-मानसून जैसी स्थिति बन गई है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में अचानक बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण अचार बनाने का प्लान बिगड़ता नजर आ रहा है।
अगर आप भी सोच रहे हैं कि बिना धूप के अचार कैसे तैयार होगा, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान तरीकों और सही सामग्री की मदद से घर पर ऐसा स्वादिष्ट आम का अचार बनाया जा सकता है, जो न केवल लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा बल्कि स्वाद में भी किसी पारंपरिक अचार से कम नहीं होगा। यहां आपको आम का अचार बनाने की रेसिपी बताई जा रही है।
बदलते मौसम और बारिश के बीच यह आसान रेसिपी उन लोगों के लिए बेहद काम की है जो घर के बने पारंपरिक स्वाद का आनंद लेना चाहते हैं। बिना धूप के तैयार होने वाला यह आम का अचार स्वाद, खुशबू और टिकाऊपन तीनों में बेहतरीन साबित हो सकता है।
सामग्री
- कच्चे और सख्त आम - 1 किलो
- नमक - 100 ग्राम
- हल्दी- दो बड़े चम्मच
- सौंफ - 50 ग्राम
- राई का दरदरा पाउडर- 50 ग्राम
- मेथी दाना - 25 ग्राम
- लाल मिर्च पाउडर- दो बड़े चम्मच
- सरसों का तेल
आम का अचार बनाने की विधि
स्टेप 1- सबसे पहले कच्चे और सख्त आम लें।
स्टेप 2- इन्हें अच्छी तरह धोकर साफ कपड़े से पोंछ लें और पूरी तरह सूखने दें।
स्टेप 3- इसके बाद आम को मनचाहे आकार में काट लें।
ध्यान रखें कि आम में नमी बिल्कुल न रहे, क्योंकि यही अचार खराब होने का सबसे बड़ा कारण बनती है।
स्टेप 4- अब एक बड़े बर्तन में कटे हुए आम डालें और उसमें नमक, हल्दी, सौंफ, राई का दरदरा पाउडर, मेथी दाना और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं।
स्टेप 5- सभी मसालों को आम के टुकड़ों पर अच्छी तरह कोट कर दें ताकि हर टुकड़े में मसाले का स्वाद पहुंच सके।
स्टेप 6- इसके बाद लगभग 250 से 300 मिलीलीटर सरसों का तेल धुआं निकलने तक गर्म करें और फिर पूरी तरह ठंडा होने दें।
स्टेप 7- ठंडा तेल मसाले वाले आम में मिलाएं।
स्टेप 8- तेल की मात्रा इतनी होनी चाहिए कि आम के टुकड़े अच्छी तरह ढक जाएं। यही तेल अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है।
अचार को स्टोर करने का सही तरीका
- तैयार मिश्रण को साफ और सूखे कांच के जार में भर दें।
- जार को एयरटाइट बंद करें और रसोई में किसी सूखी जगह पर रख दें।
- रोजाना एक बार साफ और सूखे चम्मच से अचार को हल्का सा हिलाते रहें।
- लगभग 5 से 7 दिनों में मसाले और तेल आम के अंदर अच्छी तरह समा जाएंगे और अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा।
अचार को खराब होने से कैसे बचाएं?
- अगर आप चाहते हैं कि अचार कई महीनों तक खराब न हो तो हमेशा सूखा चम्मच ही इस्तेमाल करें।
- जार में पानी या नमी बिल्कुल न जाने दें।
- समय-समय पर जांचते रहें कि तेल की परत अचार के ऊपर बनी हुई है या नहीं।
- इन छोटी-छोटी सावधानियों से बिना धूप वाला आम का अचार भी लंबे समय तक सुरक्षित और स्वादिष्ट बना रहेगा।