सब्सक्राइब करें

Live

INDIA Bloc Meeting Live: विपक्षी दलों की बैठक से पहले दिल्ली में पोस्टर वार, राहुल गांधी और कांग्रेस की आलोचना

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Mon, 08 Jun 2026 11:40 AM IST
विज्ञापन
खास बातें

INDIA Alliance Meeting, Congress Allies to Meet Today in Delhi: विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक की अहम बैठक आज दिल्ली में आयोजित होगी। जिसमें हालिया विधानसभा चुनाव के बाद की रणनीति पर मंथन होगा। वहीं, विधानसभा चुनावों में पार्टियों के बीच मतभेद का असर इस पर दिखने लगा है। डीएमके और आप ने जहां बैठक से दूरी बना ली है। वहीं कुछ अन्य दलों में नाराजगी देखने को मिल रही है। इस बैठक से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़ें...

INDIA Bloc Alliance Meeting Live Update DMK AAP to Skip Congress Allies to meet in Delhi today at 12 PM
इंडिया गठबंधन (फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:40 AM, 08-Jun-2026

कांग्रेस-लेफ्ट विवाद पर CPI ने जताई नाराजगी

इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के महासचिव डी. राजा ने कहा कि केरल विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) पर लगाए गए आरोपों का मुद्दा बैठक में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लेफ्ट की ईमानदारी पर सवाल उठाए थे और भाजपा से गठजोड़ के आरोप लगाए थे, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। डी. राजा ने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक लंबे समय बाद हो रही है और इसमें 23 दल शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन के भीतर आपसी सम्मान और भरोसा जरूरी है। यदि भरोसा नहीं होगा तो एकजुट आंदोलन चलाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन का गठन 'देश बचाओ, भाजपा हटाओ' के संकल्प के साथ हुआ था और अब यह चर्चा होनी चाहिए कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगे क्या किया जाए।

वहीं, सीपीआईएम ने भी केरल चुनाव के दौरान अपनी नेतृत्व टीम के खिलाफ चलाए गए कथित अभियान को लेकर कांग्रेस के सामने चिंता जताई है। हालांकि पार्टी ने बैठक में सांसद जॉन ब्रिटास को भेजने का फैसला किया है।
11:31 AM, 08-Jun-2026

डीएमके नेता ने कांग्रेस पर साधा निशाना

डीएमके नेता टीकेएस इलंगोवन ने कांग्रेस को 'अविश्वसनीय पार्टी' बताते हुए दावा किया कि कई अन्य दल भी इंडिया गठबंधन छोड़ सकते हैं। इलंगोवन ने कहा कि कांग्रेस खुद को इंडिया गठबंधन का नेता बताती है, लेकिन उसने ऐसे दल के साथ गठबंधन किया है जो इस गठबंधन का हिस्सा नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के इस रवैये से कई सहयोगी दल नाराज हैं।
Trending Videos
11:29 AM, 08-Jun-2026

इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले राहुल गांधी पर पोस्टर वार

इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाने वाले पोस्टर लगाए गए। राजधानी के कई प्रमुख चौराहों पर लगे इन पोस्टरों में एनसीपी (एससीपी) प्रमुख शरद पवार, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के पुराने बयान दिखाए गए, जिनमें राहुल गांधी और कांग्रेस की आलोचना की गई थी। वहीं इन पोस्टरों के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, 'मैंने उन्हें नहीं देखा है'।


11:21 AM, 08-Jun-2026

राष्ट्रीय हित में हुआ है इंडिया गठबंधन का गठन- अवधेश प्रसाद

वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, 'इंडिया गठबंधन का गठन राष्ट्रीय हित में हुआ है… और यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब हमारे नागरिक कठिनाइयों और परेशानियों का सामना कर रहे हैं। यह ऐसे समय हो रही है जब हमारे देश की अर्थव्यवस्था ठप होकर गहरे संकट में डूब गई है… एक ही सप्ताह में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बार-बार बढ़ाई गईं; अभी एक-दो दिन पहले ही खाना पकाने की गैस की कीमत 29 रुपये बढ़ गई। महंगाई इतनी तेजी से बढ़ रही है कि ऐसा लगता है मानो आसमान छू रही हो, जिसका असर आम जनता पर पड़ रहा है। फिर भी, सरकार के पास इस समस्या का न तो कोई इरादा है और न ही कोई समाधान… यह बैठक एक नाजुक मोड़ पर हो रही है जब हमारे देश के युवा संकट में हैं। बेरोजगारी चरम पर है; जब युवा नौकरी की तलाश में जाते हैं, तो परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक हो जाते हैं… किसान आवश्यक यूरिया या उर्वरक का एक अंश भी प्राप्त करने में असमर्थ हैं; वे पूरी तरह से संकट में हैं… यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब लोकसभा सत्र नजदीक आ रहा है, जहां जनता के मुद्दों पर चर्चा होती है, समाधान ढूंढे जाते हैं और विपक्ष अपनी मांगें रखता है। सरकार की ओर से। यह बैठक जनहित के इन महत्वपूर्ण और ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करने के लिए बुलाई जा रही है, जिसमें कई समस्याओं के समाधान की आवश्यकता भी शामिल है'।

11:01 AM, 08-Jun-2026

केंद्र की नीतियों के खिलाफ गठबंधन एकजुट- कांग्रेस

उधर, कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार यह दावा कर रहे हैं कि गठबंधन केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट है। हालांकि, गठबंधन के भीतर मतभेद भी सामने आ रहे हैं। खासकर डीएमके ने इस बैठक से दूरी बनाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि तमिलनाडु की राजनीति को लेकर कांग्रेस और डीएमके के बीच नाराजगी बढ़ी है। नई दिल्ली में होने वाली यह बैठक विपक्षी दलों की रणनीति और भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
10:58 AM, 08-Jun-2026

दिलीप घोष का हमला, बोले- गठबंधन अब अस्तित्व में नहीं

इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री और भाजपा नेता दिलीप घोष ने विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन अब लगभग अस्तित्वहीन हो चुका है और इसकी सहयोगी पार्टियों के बीच गहरे मतभेद सामने आ चुके हैं। कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि ममता बनर्जी पहले इंडिया गठबंधन की बैठकों में हिस्सा नहीं लेती थीं, लेकिन अब विधानसभा चुनाव में हार के बाद उन्हें बैठक में शामिल होने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की स्थिति कमजोर हो गई है और पार्टी के कई नेता तथा जनप्रतिनिधि सक्रिय नहीं हैं।

वहीं, पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी इंडिया गठबंधन की एकता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी और कांग्रेस एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं, ऐसे में गठबंधन की मजबूती के दावे भरोसेमंद नहीं लगते। उन्होंने विपक्षी दलों के बीच मौजूद मतभेदों को हास्यास्पद स्थिति बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
10:50 AM, 08-Jun-2026

इन मुद्दों पर चर्चा करेंगे इंडिया ब्लॉक के नेता

बैठक से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीकांत जेना ने बताया कि विपक्षी दल देश की आर्थिक स्थिति, विदेश नीति और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा आर्थिक संकट और उससे निपटने की रणनीति बैठक का प्रमुख विषय हो सकता है। वहीं, जयराम रमेश ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी दल केंद्र सरकार की उन नीतियों का विरोध कर रहे हैं जिन्हें वे लोकतंत्र, संविधान, रोजगार, महंगाई और आम लोगों की आजीविका के लिए नुकसानदायक मानते हैं। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन विविधताओं के बावजूद एकजुट है और राष्ट्रीय मुद्दों पर मिलकर आवाज उठाता रहेगा।
10:47 AM, 08-Jun-2026

बैठक में 23 राजनीतिक दल होंगे शामिल

दिल्ली के संविधान क्लब में आयोजित होने वाली इस बैठक में कांग्रेस नेता जयराम रमेश के अनुसार 23 राजनीतिक दल शामिल होंगे। बैठक ऐसे समय हो रही है जब कांग्रेस और डीएमके के बीच कुछ मुद्दों को लेकर मतभेदों की चर्चा हो रही है। इसके बावजूद संजय राउत ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी 2029 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए इंडिया गठबंधन को और अधिक मजबूत एवं एकजुट बनाने के पक्ष में है। संजय राउत ने कहा कि देश जिन गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनसे निपटने के लिए विपक्षी दलों को साथ मिलकर लड़ना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि गठबंधन भविष्य में भी मिलकर काम करेगा और 2029 में देश में सार्थक बदलाव लाने का प्रयास करेगा।
10:45 AM, 08-Jun-2026

बैठक में वर्चुअली शामिल होंगे उद्धव ठाकरे

इंडिया गठबंधन की अहम बैठक में शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लेंगे। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि शिवसेना यूबीटी इंडिया गठबंधन की एक प्रतिबद्ध सदस्य है और आगे भी गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए काम करती रहेगी।
 
10:09 AM, 08-Jun-2026

INDIA Bloc Meeting Live: विपक्षी दलों की बैठक से पहले दिल्ली में पोस्टर वार, राहुल गांधी और कांग्रेस की आलोचना

केंद्र के सत्ताधारी गठबंधन एनडीए के खिलाफ विपक्षी दलों के साझा मंच इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक आज नई दिल्ली में होने जा रही है। करीब दो साल बाद होने जा रही इस बैठक में विपक्षी दलों के सामने कई अहम मुद्दे हैं। जिसमें, सरकार के खिलाफ रणनीति और हालिया विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अपनी एकजुटता शामिल है।

बैठक में 23 दलों के शामिल होने की संभावना
जानकारी के अनुसार, इस बैठक में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, तृणमूल कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, शिवसेना यूबीटी, एनसीपी शरद पवार गुट, सीपीएम, सीपीआई, आरएसपी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, फॉरवर्ड ब्लॉक, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, भाकपा माले, एमडीएमके, वीसीके, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, वीआईपी पार्टी, केरल कांग्रेस, केरल कांग्रेस मणि, बाप पार्टी और लोकदल समेत कुल 23 दलों के शामिल होने की संभावना है।
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed