11:02 AM, 29-Jul-2026
संसद में सपा का प्रदर्शन: राम मंदिर चंदे में गबन के आरोपों पर जमकर नारेबाजी
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे में हुई कथित धांधली को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसदों ने संसद परिसर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सांसदों ने मकर द्वार पर तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 'चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाते हुए सपा नेताओं ने मंदिर के फंड में हुई वित्तीय अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। सपा सांसदों का आरोप है कि यह मुद्दा करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा है, इसलिए सरकार को गायब हुए पैसे का पूरा हिसाब-किताब देश के सामने रखना चाहिए।
10:43 AM, 29-Jul-2026
प्रमोद तिवारी का हमला, कहा- रेप के दोषियों का समर्थन करने वाले कैसे रह सकते हैं शिक्षा मंत्री
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके शिक्षा मंत्री के पद पर बने रहने पर सवाल खड़े किए हैं। तिवारी ने कहा कि संसद के अंदर प्रियंका गांधी और बाहर राहुल गांधी द्वारा रखी गई बातें पूरी तरह रिकॉर्ड पर हैं और उनके पास इसके पुख्ता आंकड़े व सबूत मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात सरकार के हलफनामे के बाद 14 साल की सजा काटकर जमानत पर छूटे बिल्किस बानो के दोषियों का प्रल्हाद जोशी ने खुलकर समर्थन किया था। कांग्रेस सांसद ने सीधा सवाल दागा कि जो व्यक्ति बलात्कार के दोषियों की जमानत का समर्थन करता हो, वह देश का शिक्षा मंत्री कैसे रह सकता है, जबकि सत्ता पक्ष नियम-प्रक्रियाओं का बहाना बनाकर इस मुद्दे से भाग रहा है।
09:09 AM, 29-Jul-2026
कावेरी जल विवाद: राज्यसभा में कांग्रेस सांसद प्रवीन चक्रवर्ती ने दिया काम रोको प्रस्ताव
कांग्रेस सांसद प्रवीन चक्रवर्ती ने राज्यसभा में काम रोको प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने जल शक्ति मंत्रालय पर 27 जुलाई 2026 को सदन में भ्रामक जवाब देने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने कावेरी जल नियमन समिति (CWRC) के आदेश का मुद्दा भी उठाया है। समिति ने कर्नाटक को तुरंत 4 टीएमसी फीट पानी छोड़ने का निर्देश दिया था। प्रवीन चक्रवर्ती का कहना है कि जल बंटवारे के इस आदेश का पालन होना चाहिए। उन्होंने संसद में इस संवेदनशील विषय पर तुरंत चर्चा की मांग की है।
09:06 AM, 29-Jul-2026
लोकसभा में एंटी-डिफेक्शन लॉ पर काम रोको प्रस्ताव, मनीष तिवारी ने उठाई नए कानून की मांग
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में काम रोको प्रस्ताव का नोटिस दिया है। वे देश में एक नए दलबदल विरोधी कानून पर चर्चा चाहते हैं। उनका कहना है कि अवसरवादिता के लिए होने वाले सामूहिक दलबदल पर रोक लगनी चाहिए। अक्सर बिना किसी वैचारिक मतभेद के सत्ता के लिए दलबदल किया जाता है। इसके साथ ही नए कानून में सांसदों और विधायकों को अपनी बात रखने की आजादी मिलनी चाहिए। उन्हें संसद के अंदर और बाहर ईमानदारी से असहमति जताने का अधिकार होना चाहिए। तिवारी का मानना है कि पार्टी व्हिप के डर के बिना जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र की आवाज उठाने की छूट मिलनी चाहिए।
08:41 AM, 29-Jul-2026
Parliament Monsoon Session:संसद में सपा का प्रदर्शन,लगाए'चंदा चोर-गद्दी छोड़' के नारे; सदन में बोलेंगे राहुल
सरकार ने सोमवार को लोकसभा में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक 2026 पेश किया था। इस विधेयक के जरिए सरकार सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2024 में संशोधन करना चाहती है। जिस पर सदन में बहस चल रही है।