12:36 PM, 17-Jul-2026
पीजीआई से 200 प्रतिनिधि होंगे शामिल, सभी विभागों से चुने गए
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पीजीआई से करीब 200 प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह कार्यक्रम पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) में आयोजित किया जाएगा। इसमें पीजीआई के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि पीजीआई के सभी 52 विभागों से दो-दो प्रतिनिधियों का चयन किया गया है। इसके अलावा 20 नर्सिंग ऑफिसर भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को मिलाकर पीजीआई से लगभग 200 लोग कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। जानकारी के मुताबिक संबंधित कर्मचारियों को इसकी सूचना भी दे दी गई है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री पीजीआई से जुड़ी लगभग 1200 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर, एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और क्रिटिकल केयर ब्लॉक प्रमुख हैं।
12:12 PM, 17-Jul-2026
1200 से अधिक पुलिस और सुरक्षा जवान तैनात
शहर में 1,200 से अधिक पुलिस और सुरक्षा जवान तैनात कर दिए गए हैं जबकि प्रधानमंत्री की सुरक्षा की कमान एसपीजी ने संभाल ली है। कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे।
11:47 AM, 17-Jul-2026
पीयू कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन टला
पंजाब यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में बने 117 करोड़ के नए कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन फिलहाल टल गया है। पहले इसकी संभावना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उद्घाटन की थी लेकिन आवश्यक औपचारिकताएं पूरी न होने से कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सफाई, लाइटिंग, फर्नीचर और सुरक्षा सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। उत्तर भारत के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटरों में शामिल इस भवन में 2,500 लोगों के बैठने की क्षमता और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
11:43 AM, 17-Jul-2026
कई रूटों पर स्कूल बसें नहीं चलेंगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के मद्देनजर कई निजी स्कूलों ने अभिभावकों से बच्चों को स्वयं स्कूल लाने और ले जाने की अपील की है।
सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण नयागांव, पीजीआई, सेक्टर-11, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, खुड्डा अलीशेर और खुड्डा लाहौरा क्षेत्र में स्कूल बस सेवा प्रभावित रहेगी। स्कूलों ने अभिभावकों से समय पर बच्चों को स्कूल पहुंचाने और छुट्टी के बाद उन्हें लेने का अनुरोध किया है ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
11:24 AM, 17-Jul-2026
PM Modi in Chandigarh Live: पीएम मोदी के दाैरे को सिटी तैयार, 6600 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे साैगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर है। पीएम की विजिट को लेकर ट्राइसिटी पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में सुरक्षा एजेंसियों ने सड़क, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, होटल, गेस्ट हाउस और सीमावर्ती क्षेत्रों तक अभेद्य सुरक्षा घेरा बना दिया है। प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे जबकि मोहाली और कालका रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे।