सब्सक्राइब करें

Germany vs Ivory Coast Highlights: जर्मनी ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराया, डेनिज उन्दाव बने जीत के हीरो

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sun, 21 Jun 2026 03:40 AM IST
विज्ञापन
खास बातें

जर्मनी ने डेनिज उन्दाव के दो गोलों की बदौलत आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ जर्मन टीम ने ग्रुप-ई से नॉकआउट चरण के लिए क्वालिफाई कर लिया।

Germany vs Ivory Coast Highlights FIFA World Cup 2026 Today Football Match Result Updates
फीफा विश्व कप 2026 - फोटो : @FIFAcom
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:35 AM, 21-Jun-2026

Germany vs Ivory Coast Highlights: जर्मनी ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराया

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-ई मुकाबले में जर्मनी ने शानदार वापसी करते हुए आइवरी कोस्ट को 2-1 से हरा दिया। टोरंटो स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में एक समय जर्मन टीम पिछड़ रही थी, लेकिन डेनिज उन्दाव के दो गोलों की बदौलत उसने जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ जर्मनी ने नॉकआउट चरण में अपनी जगह भी पक्की कर ली।

पहले हाफ में फ्रेंक कैसी ने दिलाई बढ़त
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। जर्मनी ने गेंद पर अधिक नियंत्रण रखा और लगातार मौके बनाने की कोशिश की, लेकिन आइवरी कोस्ट की रक्षापंक्ति मजबूती से डटी रही। मैच का पहला गोल 30वें मिनट में आया। यान डियोमांडे की शानदार रन के बाद बने मौके का फायदा उठाते हुए फ्रेंक कैसी ने बेहतरीन फिनिश किया और आइवरी कोस्ट को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद जर्मनी ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन हाफ-टाइम तक स्कोर 1-0 ही रहा।

दूसरे हाफ में जर्मनी ने की जोरदार वापसी
ब्रेक के बाद जर्मनी ने खेल की रफ्तार बढ़ा दी और लगातार आइवरी कोस्ट के गोल पर दबाव बनाया। इसका फायदा 68वें मिनट में मिला, जब सब्स्टीट्यूट डेनिज उन्दाव ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-1 की बराबरी दिला दी। इस गोल के बाद मुकाबला और रोमांचक हो गया। दोनों टीमें जीत के लिए संघर्ष करती रहीं, लेकिन जर्मनी के हमले लगातार ज्यादा खतरनाक नजर आए।

इंजरी टाइम में उन्दाव बने जीत के हीरो
जब मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी इंजरी टाइम में जर्मनी को निर्णायक बढ़त मिल गई। 90+4वें मिनट में फेलिक्स एनमेचा के पास पर डेनिज उन्दाव ने शानदार टर्न लेते हुए सटीक शॉट लगाया और गेंद को गोल में पहुंचा दिया। उन्दाव का यह दूसरा गोल जर्मनी के लिए मैच विनिंग गोल साबित हुआ। इसके बाद आइवरी कोस्ट वापसी नहीं कर सकी और जर्मनी ने बढ़त बरकरार रखी।

जर्मनी ने नॉकआउट चरण में बनाई जगह
आठ मिनट के इंजरी टाइम के बाद रेफरी ने अंतिम सीटी बजाई और जर्मनी ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। फ्रेंक कैसी के गोल से पिछड़ने के बावजूद जर्मन टीम ने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। डेनिज उन्दाव के डबल की बदौलत जर्मनी ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और छह अंकों के साथ ग्रुप-ई में शीर्ष स्थान पर रहते हुए नॉकआउट चरण के लिए क्वालिफाई कर लिया। वहीं, आइवरी कोस्ट को टूर्नामेंट में अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा।
03:27 AM, 21-Jun-2026

Germany vs Ivory Coast Live: इंजरी टाइम में जर्मनी ने हासिल की बढ़त

इंजरी टाइम में जर्मनी ने दूसरे गोल के साथ आइवरी कोस्ट के खिलाफ 2-1 की बढ़त बना ली है। 90+4 मिनट पर डेनिज उन्दाव ने गोल दागा।
03:01 AM, 21-Jun-2026

Germany vs Ivory Coast Live: जर्मनी की वापसी

दूसरे हाफ में जर्मनी ने शानदार खेल दिखाते हुए आखिरकार वापसी कर ली है। 68वें मिनट में डेनिज उन्दाव ने गोल दागकर टीम को आइवरी कोस्ट के खिलाफ 1-1 की बराबरी पर पहुंचा दिया। 
02:28 AM, 21-Jun-2026

Germany vs Ivory Coast Live: हाफ-टाइम

जर्मनी और आइवरी कोस्ट के बीच खेले जा रहे अहम मुकाबले में हाफ-टाइम तक आइवरी कोस्ट ने 1-0 की बढ़त बना ली है। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया और शुरुआती बढ़त हासिल करने की कोशिश की। जर्मनी ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन आइवरी कोस्ट की मजबूत रक्षा पंक्ति ने उसे कोई बड़ा मौका नहीं बनाने दिया।

मैच का पहला और अब तक का एकमात्र गोल 30वें मिनट में आया, जब फ्रेंक कैसी ने शानदार फिनिश के साथ गेंद को जाल में पहुंचाकर आइवरी कोस्ट को 1-0 से आगे कर दिया। गोल खाने के बाद जर्मनी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल सकी। पहले हाफ के बाद आइवरी कोस्ट बढ़त के साथ ड्रेसिंग रूम लौटी है, जबकि जर्मनी की नजरें दूसरे हाफ में वापसी कर मैच का रुख बदलने पर होंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि दूसरे हाफ में जर्मन टीम किस तरह जवाब देती है।

02:06 AM, 21-Jun-2026

Germany vs Ivory Coast Live: आइवरी कोस्ट ने हासिल की बढ़त

आइवरी कोस्ट ने जर्मनी के खिलाफ शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है। 30वें मिनट में फ्रेंक कैसी ने शानदार गोल कर टीम को 0-1 से बढ़त दिलाई।
01:26 AM, 21-Jun-2026

Germany vs Ivory Coast Live: जर्मनी और आइवरी कोस्ट के बीच मुकाबला शुरू

जर्मनी और आइवरी कोस्ट के बीच मुकाबला शुरू हो चुका है। दोनों की नजरें पहले हाफ में बढ़त लेने पर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
12:28 AM, 21-Jun-2026

Netherlands vs Sweden Highlights: नीदरलैंड ने स्वीडन हराया

ग्रुप-एफ के मुकाबले में नीदरलैंड ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वीडन को 5-1 से करारी शिकस्त दी। ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 35वें मुकाबले में नीदरलैंड ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाई और स्वीडन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। ब्रायन ब्रॉबी और कॉडी गैक्पो ने दो-दो गोल दागे, जबकि क्राइसेंसियो समरविले ने एक गोल कर जीत को और शानदार बना दिया।

ब्रॉबी ने दिलाई तूफानी शुरुआत
नीदरलैंड ने मैच के शुरुआती मिनटों से ही आक्रामक तेवर दिखाए। इसका फायदा टीम को पांचवें मिनट में मिला, जब ब्रायन ब्रॉबी ने बेहतरीन फिनिश के साथ गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। शुरुआती गोल के बाद स्वीडन दबाव में आ गया और नीदरलैंड लगातार हमले करता रहा।

पहले हाफ में ही बना ली मजबूत बढ़त
नीदरलैंड के हमले यहीं नहीं रुके। 17वें मिनट में ब्रॉबी ने एक बार फिर कमाल दिखाया और अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। दो गोल से पिछड़ने के बाद स्वीडन ने कुछ हमले जरूर किए, लेकिन नीदरलैंड की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसे सफलता नहीं मिली। पहले हाफ की समाप्ति तक नीदरलैंड 2-0 से आगे था।

गैक्पो ने दूसरे हाफ में बढ़ाई स्वीडन की मुश्किलें
दूसरे हाफ की शुरुआत भी नीदरलैंड के नाम रही। 47वें मिनट में कॉडी गैक्पो ने गोल कर टीम की बढ़त 3-0 कर दी। इसके बाद 54वें मिनट में गैक्पो ने अपना दूसरा गोल दागते हुए स्कोर 4-0 कर दिया। लगातार हमलों के सामने स्वीडन की टीम पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई।

एलांगा ने दिलाई सांत्वना
चार गोल से पिछड़ने के बाद स्वीडन को 59वें मिनट में पहली सफलता मिली। एंथनी एलांगा ने शानदार गोल कर टीम का खाता खोला और स्कोर 4-1 कर दिया। हालांकि इसके बाद भी स्वीडन मैच में वापसी की लय नहीं पकड़ सका।

समरविले ने जीत पर लगाई मुहर
मैच के अंतिम मिनटों में नीदरलैंड ने एक और गोल कर अपनी जीत को और बड़ा बना दिया। 89वें मिनट में क्राइसेंसियो समरविले ने गोल दागते हुए स्कोर 5-1 कर दिया। इसके बाद स्वीडन के पास वापसी का कोई मौका नहीं बचा और नीदरलैंड ने एकतरफा अंदाज में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

ग्रुप में मजबूत हुई नीदरलैंड की स्थिति
इस शानदार जीत के साथ नीदरलैंड ने ग्रुप-एफ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। टीम ने आक्रमण और रक्षा दोनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं स्वीडन को टूर्नामेंट में आगे की राह आसान बनाने के लिए आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
12:23 AM, 21-Jun-2026

Netherlands vs Sweden Live: नीदरलैंड ने हासिल की 5-1 से बढ़त

नीदरलैंड ने 89वें मिनट में पांचवें गोल के साथ स्वीडन पर 5-1 की बढ़त बना ली है। पांचवां गोल समरविले ने दागा।
11:51 PM, 20-Jun-2026

Netherlands vs Sweden Live: 59वें मिनट में स्वीडन का पहला गोल

59वें मिनट में स्वीडन ने पहला गोल किया। एंथनी एलांगा ने शानदार गोल दागा। फिलहाल नीदरलैंड 4-1 से आगे है। 
11:46 PM, 20-Jun-2026

Netherlands vs Sweden Live: नीदरलैंड का चौथा गोल

नीदरलैंड लगातार दबाव बना रहा है। 54वें मिनट में कॉडी गैक्पो ने गोल दागकर टीम को स्वीडन के खिलाफ 4-0 की बढ़त दिलाई। 
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed