Ashoknagar: योग करते समय सराफा कारोबारी की मौत, सूर्य नमस्कार के दौरान आया साइलेंट हार्ट अटैक
MP: अशोकनगर के तुलसी सरोवर पार्क में योग करते समय सराफा कारोबारी नरेंद्र सोनी की साइलेंट हार्ट अटैक से मौत हो गई। सूर्य नमस्कार के दौरान वे अचानक गिर पड़े। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
अशोकनगर के तुलसी सरोवर पार्क में योग अभ्यास के दौरान सराफा कारोबारी नरेंद्र सोनी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वे सूर्य नमस्कार कर रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे जमीन पर गिरकर अचेत हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नरेंद्र सोनी रोज की तरह सुबह योग करने पार्क पहुंचे थे। सूर्य नमस्कार के दौरान वे लड़खड़ाकर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद लोगों ने पहले आवाज देकर उठाने की कोशिश की, फिर हिलाकर देखा। कुछ लोगों ने सीपीआर देने का भी प्रयास किया, लेकिन उनके शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।
इसी दौरान तुलसी सरोवर क्षेत्र में गश्त कर रहे प्रधान आरक्षक राजकुमार कुशवाह को घटना की सूचना मिली। वे तुरंत साथी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देर किए नरेंद्र सोनी को सरकारी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया गया है।
पढे़ं: मुरैना में खाद संकट के बीच चंबल नदी से यूरिया की तस्करी, वीडियो वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप
बताया गया कि नरेंद्र सोनी लंबे समय से नियमित रूप से योगाभ्यास कर रहे थे और प्रतिदिन सुबह तुलसी सरोवर पार्क में योग करने आते थे। उल्लेखनीय है कि इस पार्क में योग अभ्यास की शुरुआत डॉक्टर पवन सिंघल ने करवाई थी। पिछले वर्ष डॉक्टर पवन सिंघल की भी योग के दौरान पार्क के पास ही हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। योग करते समय हार्ट अटैक से यह पार्क में दूसरा मामला है, जिससे नियमित योग करने वालों में चिंता बढ़ गई है।
डॉक्टरों के अनुसार सर्दियों के मौसम में सुबह जल्दी नहाना और ठंड में कम कपड़े पहनकर योग या व्यायाम करना भी हार्ट अटैक का कारण बन सकता है। ठंड के कारण शरीर की नसें सिकुड़ जाती हैं, जिससे दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि सर्दियों में सुबह योग या व्यायाम करते समय कम से कम दो परत गर्म कपड़े पहनें और व्यायाम शुरू करने से पहले शरीर को अच्छी तरह वॉर्मअप जरूर करें।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X