Bhopal News: ‘इल्लीगल गैंग के सरगना की होने वाली पत्नी पहुंची थाने, बोली-दो घंटे छोड़ दो या पुलिस कराए शादी
भोपाल में हनीट्रैप और वसूली के आरोप में गिरफ्तार ‘इल्लीगल गैंग’ के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी की होने वाली पत्नी कोहेफिजा थाने पहुंच गई। युवती ने पुलिस से दो घंटे के लिए आरोपी को छोड़ने या पुलिस की मौजूदगी में शादी कराने की मांग की है।
विस्तार
भोपाल में हनीट्रैप और वसूली के आरोप में गिरफ्तार ‘इल्लीगल गैंग’ के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। आकाश की गिरफ्तारी के बाद उसकी होने वाली पत्नी सीमा कोहेफिजा थाने पहुंच गई और पुलिस से दो घंटे के लिए उसे छोड़ने या पुलिस की मौजूदगी में शादी कराने की मांग करने लगी। युवती के इस आग्रह को लेकर पुलिस भी असमंजस की स्थिति में पड़ गई है।
गौरतलब है कि कोहेफिजा और आसपास के थाना क्षेत्रों में सक्रिय ‘इल्लीगल गैंग’ के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी समेत उसके पांच साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस तरह अब तक गिरोह के कुल छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं। सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
आरोप है कि आकाश हनीट्रैप गिरोह चलाता था और लोगों को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर वसूली करता था। हाल ही में उसने एक पुजारी का अपहरण कर उससे 50 हजार रुपये वसूले थे। पुलिस ने बुधवार को आकाश को उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह शादी के मंडप में बैठकर सात फेरे लेने की तैयारी कर रहा था।
थाने पहुंची होने वाली पत्नी
इधर आकाश की होने वाली पत्नी कोहेफिजा थाने पहुंची और पुलिस से गुहार लगाई कि उसकी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। युवती का कहना था कि शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी हैं और अब यदि शादी नहीं हुई तो उससे कोई और विवाह करने को तैयार नहीं होगा।
युवती ने पुलिस से मांग की कि उसके होने वाले पति को दो घंटे के लिए छोड़ दिया जाए ताकि वह उससे शादी कर सके। उसने यह भी कहा कि यदि ऐसा संभव नहीं है तो पुलिस की मौजूदगी में ही उनकी शादी कराई जाए।
कानूनी प्रक्रिया में संभव नहीं
डीसीपी जोन-4 मयूर खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस ने आकाश उर्फ भूरा हड्डी को पूछताछ के लिए अदालत से रिमांड पर लिया है। अदालत की अनुमति के बिना उसे किसी अन्य कार्य के लिए छोड़ा या बाहर ले जाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि पुलिस मानवीय आधार पर मदद करने को तैयार है, लेकिन आरोपी को अदालत ने जिस उद्देश्य से पुलिस को सौंपा है, उसके अलावा किसी अन्य काम के लिए उसे छोड़ना संभव नहीं है। युवती की मांग से वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है और कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।
तीन दिन की रिमांड पर आरोपी
कोहेफिजा पुलिस ने गुरुवार को सरगना आकाश समेत सभी छह आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। शाहजहांनाबाद एसीपी अनिल वाजपेयी ने बताया कि आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान कुछ अन्य मामलों में भी इनकी भूमिका सामने आई है, हालांकि अब तक किसी ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
पुजारी के अपहरण से जुड़ा मामला
पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य आकाश उपाध्याय ने संजीव नगर निवासी 26 वर्षीय पुजारी को 10 मार्च को जैन नगर स्थित अपने कमरे पर बुलाया था। उसने पुजारी को झांसा देकर लालघाटी से एक युवती को लाने के लिए कहा।
जैसे ही पुजारी युवती को लेकर कमरे पर पहुंचा, योजना के तहत सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोपियों ने पुजारी पर युवती से छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की और उसे तौफीक उर्फ शूटर के ईदगाह हिल्स (बाजपेयी नगर) स्थित फ्लैट में बंधक बना लिया।
ये भी पढ़ें- Dhar News: फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर डाली रेड, फिल्मी स्टाइल में 82 लाख का सोना और नकदी लूटकर फरार
शादी के खर्च के लिए रची साजिश
आरोपियों ने पुजारी की रिहाई के बदले आठ लाख रुपये की मांग की थी। डरा-धमकाकर पुजारी के भाई से 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए गए। बताया जा रहा है कि आकाश ने यह रकम अपनी शादी की तैयारियों में खर्च कर दी। पुलिस के अनुसार आकाश उर्फ भूरा हड्डी वर्ष 2018 से इस गैंग का संचालन कर रहा था। जिस युवती के माध्यम से पुजारी को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी गई थी, वह फिलहाल फरार है। पुलिस ने उसे भी आरोपी बनाया है और उसकी तलाश जारी है।

कमेंट
कमेंट X