Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   Chhath Mahaparv to begin in Bhopal tomorrow: Preparations underway at 54 city ghats; 'Deepdaan' (offering of l

भोपाल में कल से शुरू होगा छठ महापर्व: शहर के 54 घाटों पर तैयारी, शीतलदास की बगिया में 2100 दीपों से दीपदान

Thu, 12 Nov 2026 05:18 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल Published by: Sandeep Kumar Tiwari Updated Thu, 12 Nov 2026 05:18 PM IST
सार

पाल में 13 नवंबर से छठ महापर्व शुरू होगा। नगर निगम 54 घाटों पर व्यवस्थाएं कर रहा है। शीतलदास की बगिया में 2100 दीपों से दीपदान, 51 किलो गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा और भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। महापौर मालती राय ने प्रेमपुरा, शीतलदास की बगिया सहित प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया।

विज्ञापन
Chhath Mahaparv to begin in Bhopal tomorrow: Preparations underway at 54 city ghats; 'Deepdaan' (offering of l
घाटों का नरीक्षण करने पहुंची महापौर और विधायक - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजधानी में शुक्रवार 13 नवंबर से चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होगी। लोक आस्था के इस पर्व को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नगर निगम ने 54 घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं जुटाने की तैयारी की है। प्रेमपुरा, नीलबड़ और बड़ा तालाब स्थित शीतलदास की बगिया में प्रमुख आयोजन होंगे। इस बार शीतलदास की बगिया में 2100 मिट्टी के दीपों से दीपदान किया जाएगा। वहीं, 51 किलो गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा और भोजपुरी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। प्रमुख घाटों के अलावा कोकता बाईपास सहित कई कॉलोनियों में भी अस्थायी पूजा कुंड बनाए जा रहे हैं। छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को महापौर मालती राय ने शीतलदास की बगिया का निरीक्षण किया। उनके साथ विधायक भगवानदास सबनानी, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, चंद्रभान राय, मंडल अध्यक्ष हेमंत बढ़गैया, मुकेश दहाड़े और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले महापौर ने प्रेमपुरा, पुलिस लाइन नेहरू नगर और पांच नंबर स्टॉप स्थित छठ घाटों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


54 घाटों पर सफाई, रोशनी और चेंजिंग रूम की व्यवस्था
छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए नगर निगम ने शहर के 54 घाटों पर व्यवस्थाएं कराने की तैयारी की है। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय और महिलाओं के लिए कपड़े बदलने के स्थान बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था भी की जा रही है। नरेला विधानसभा क्षेत्र में भी छठ पूजा की तैयारियां की जा रही हैं। मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन


शीतलदास की बगिया में 2100 दीपों से होगा दीपदान
बड़ा तालाब के कमला पार्क के पास स्थित शीतलदास की बगिया में भोजपुरी एकता मंच की ओर से विशेष आयोजन किया जा रहा है। परिसर को पीले वस्त्रों, केले के पेड़ों, रंग-बिरंगी झंडियों और आम के पत्तों के तोरण से सजाया जाएगा। यहां 2100 मिट्टी के दीप जलाकर दीपदान होगा। इसके साथ 51 किलो गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा की जाएगी। बिहार के भोजपुरी कलाकार मिथु मिश्रा और वाराणसी के सक्षम शर्मा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। श्रद्धालुओं के लिए नौका विहार और आतिशबाजी की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। व्रतियों के लिए कच्चे गाय के दूध की व्यवस्था की जाएगी। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग ने भी इस महोत्सव को अपने आयोजन कैलेंडर में शामिल किया है। यहां 15 और 16 नवंबर को विशेष कार्यक्रम होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


ठेकुआ बनाने के लिए मुफ्त में होगी गेहूं की पिसाई
छठ महापर्व के दौरान प्रसाद के रूप में बनाए जाने वाले पारंपरिक ठेकुआ के लिए भोजपुरी एकता मंच समिति की ओर से निशुल्क गेहूं पिसाई की व्यवस्था की गई है। 13 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे संकट मोचन हनुमान मंदिर, कमला पार्क परिसर में आटा चक्की का पूजन कर इसकी शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयदीप प्रसाद, एडीजी (एससीआरबी), मध्यप्रदेश होंगे। भोजपुरी एकता मंच के अध्यक्ष कुंवर प्रसाद ने बताया कि छठ पूजा की तैयारियों के तहत शीतलदास की बगिया घाट की मरम्मत, रंगाई-पुताई, बिजली, पेयजल, चलित शौचालय, चेंजिंग रूम और गोताखोरों की व्यवस्था की जा रही है। निरीक्षण के दौरान विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति  नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रेमपुरा और नीलबड़ में भी होंगे बड़े आयोजन
प्रेमपुरा छठ सचिव चंद्रभान राय ने बताया कि प्रेमपुरा और नीलबड़ छठ पूजा के प्रमुख केंद्रों में शामिल हैं। यहां घाट समितियां साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं कर रही हैं। प्रेमपुरा स्थित छठ माई मंदिर में आयोजन की सफलता और शांतिपूर्ण संपन्नता के लिए पूजा-अर्चना भी की गई है। इन स्थानों पर भोजपुरी और पूर्वांचल समाज के बड़ी संख्या में परिवार सूर्यदेव को अर्घ्य देने पहुंचेंगे। चंद्रभान राय ने बताया कि छठ महापर्व में सूर्यदेव और छठी मइया की उपासना की जाती है। इस दौरान बांस के सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना और ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद सजाकर अर्घ्य दिया जाता है। भोपाल में बिहार और पूर्वांचल समाज की बड़ी भागीदारी के कारण छठ महापर्व अब राजधानी के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो गया है।


कॉलोनियों में भी बनाए जा रहे पूजा कुंड
इस बार छठ पूजा को प्रमुख घाटों तक सीमित नहीं रखा गया है। कोकता बाईपास कॉलोनी सहित कई आवासीय क्षेत्रों में अस्थायी पूजा कुंड तैयार किए जा रहे हैं। स्थानीय समितियां उन इलाकों में भी व्यवस्था कर रही हैं, जहां भोजपुरी समाज के परिवारों की संख्या अधिक है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को दूर स्थित घाटों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे घर के आसपास ही सूर्यदेव को अर्घ्य दे सकेंगे।


यह भी पढ़ें-भोपाल निगम शिक्षा उपकर के 183 करोड़ कहां खर्च?: स्कूलों को नहीं मिला फर्नीचर-शौचालय,पार्षद ने की जांच की मांग


चार दिन तक होंगे विशेष अनुष्ठान
13 नवंबर, शुक्रवार : नहाय-खाय - स्नान के बाद व्रती सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे। इसमें अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी प्रमुख रूप से बनाई जाती है।
14 नवंबर, शनिवार : खरना - दिनभर उपवास के बाद शाम को पूजा की जाएगी। गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करने के बाद निर्जला व्रत शुरू होगा।
15 नवंबर, रविवार : संध्या अर्घ्य - व्रती जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इस दिन प्रमुख घाटों पर सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना है।
16 नवंबर, सोमवार : उषा अर्घ्य और पारण - सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण करेंगे। इसके साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।


 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed