एमपी में धर्मांतरण पर सियासत गरमाई: भोपाल में बजरंग दल का प्रदर्शन, भाजपा विधायक बोले- फांसी होनी चाहिए
भोपाल में धर्मांतरण के मुद्दे पर सियासत गरमाई हुई है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा और प्रीतम लोधी ने सख्त कानून और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इधर, बजरंग दल ने भी प्रदर्शन किया है।
विस्तार
प्रदेश में धर्मांतरण और ‘लव जिहाद’ के मामलों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोप लगाया कि कुछ मुस्लिम युवक हिंदू बेटियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनका शोषण करते हैं और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हैं। उन्होंने ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि ऐसे अपराधियों को विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत जेल भेजा जाना चाहिए और उन्हें आसानी से जमानत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़े तो ऐसे मामलों में और कठोर कानून बनाए जाएं तथा गंभीर अपराध साबित होने पर फांसी जैसी सख्त सजा पर भी विचार किया जाए। उनके मुताबिक, इस तरह की घटनाओं से हिंदू समाज में आक्रोश है।
वहीं, प्रदेश में बढ़ते धर्मांतरण के मामलों को लेकर बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण और ‘लव जिहाद’ के मामलों में जिम और स्पा सेंटर की जांच की जानी चाहिए। उनका दावा है कि ऐसे स्थानों के माध्यम से सर्वाधिक मामले सामने आ रहे हैं। प्रीतम लोधी ने कहा कि वह इस मुद्दे को विधानसभा सदन में भी उठाएंगे और सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग करेंगे।
पढ़ें: Bhopal Love Jihad Case: दिन-रात लगा रहता था कॉलोनी में युवकों का तांता, अंदर चल रहा था बड़ा नेटवर्क; खुलासा
इधर, भोपाल में धर्मांतरण के एक मामले को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी देखी गई। राजधानी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संबंधित थाने के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हिंदू बेटियों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाए और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाए।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने पर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

कमेंट
कमेंट X